- Hindi News
- केलो विहार कॉलोनी में सड़क चौड़ीकरण निरस्त करने की मांग
केलो विहार कॉलोनी में सड़क चौड़ीकरण निरस्त करने की मांग
इंफ्रास्ट्रक्चर रिपोर्टर | रायगढ़
नगरनिगम द्वारा प्रस्तावित केलो विहार कॉलोनी के 40 फीट सड़क चौड़ीकरण को निरस्त करने की मांग करते हुए केलो विहार शासकीय कर्मचारी गृह निर्माण द्वारा जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।
कलेक्टर कमिश्नर को सौंपे ज्ञापन में बताया गया है कि मिनी स्टेडियम सड़क से केलो विहार कॉलोनी के भीतर प्रवेश करने वाली सड़क जो एस ईसीएल तक जाती है उक्त सड़क का 40 फीट के आधार पर चौड़ीकरण किया जाना नगर निगम द्वारा प्रस्तावित हैं। केलो विहार शासकीय कर्मचारी गृह मंडल का कहना है कि उक्त 25 एकड़ जमीन को शासन द्वारा केलो विहार समिति को आवंटित हुआ है।
आवंटन होने के बाद नगर तथा ग्राम निवेश विभाग से अनुमोदन कराया गया है। ले आउट प्लान के अनुसार उक्त प्रस्तावित सड़क की चौड़ाई 30 फीट है। सड़क के दोनों ओर 30 फीट को ध्यान में रखते हुए मकान बनाए गए है। अगर सड़क की चौड़ीकरण 40 फीट किया जाएगा तो मकान में ज्यादा तोड़फोड़ करनी पड़ेगी। इससे समिति को नुकसान होगा। इसके अलावा समिति ने यह भी गुहार लगाई है कि वर्तमान में केलो ब्रिज के नीचे से कयाघाट तक मेरिन ड्राइव बनाया गया है जिसमें आवाजाही हो रही है। इसकी वजह से केलो विहार कॉलोनी के भीतर सड़क चौड़ीकरण का कोई औचित्य नहीं होने तथा संस्था के पक्ष में शासन द्वारा जो प्रीमियम निर्धारित की गई है उससे संस्था सहमत नहीं है और प्रीमियम निर्धारण के बिंदु पर हाईकोर्ट बिलासपुर में 2007 में याचिका भी दायर की गई थी।
जिसमें कोर्ट ने फैसला समिति के पक्ष में फैसला सुनाते हुए तोड़फोड़ पर प्रतिबंध लगाते हुए यथावत बने रखने का आदेशित देने का हवाला देते हुए उक्त सड़क चौड़ीकरण को निरस्त करने की मांग किया है। बहरहाल कलेक्टर ने मामले की जांच कर निराकरण करने का आदेश निगम कमिश्नर को दे दिया है।