रायगढ़। चुनावी बिगुल बजने के बाद नामांकन के पहले दिन दिग्गजों के अभाव में केवल 1 महिला पार्षद प्रत्याशी ने अपना पर्चा दाखिल किया है। पार्टी से वेटिंग टिकट की आस में बैठे महापौर महेन्द्र चौहथा ने भी नामांकन फार्म खरीदकर चुनाव लड़ने की अपनी मंशा जाहिर कर दी है। जिससे पार्टी पर भी महापौर की टिकट को लेकर दबाव बढ़ गया है।
नगरीय निकाय चुनाव के लिए शुरू हुए नामांकन के पहले दिन 4 रिटर्निंग ऑफिसर में से केवल 1 के ही पास आवेदन सका है। सोमवार से आरंभ हुई इस प्रक्रिया में नगर निगम के वार्ड क्रमांक 7 से ही महिला पार्षद पद के लिए आवेदन भरा है। पहले दिन इंदिरा नगर से रोहिणी पटनायक ने अतिरिक्त रिटर्निंग ऑफिसर श्याम धावड़े के पास अपना नामांकन दाखिल किया है।
वहीं भाजपा तथा कांग्रेस ने पार्षदों की टिकटों के लिए अब तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। यही कारण है कि पहले दिन नामांकन फार्म लेने वालों की संख्या शहर के वार्डों से भी कम है और पहले दिन केवल 33 आवेदन ही मिल सके हैं। निर्वाचन शाखा से मिली जानकारी के मुताबिक नगर निगम रायगढ़ के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के लिए पार्षद पद के लिए कुल 33 तथा महापौर पद के लिए एक अभ्यर्थी ने नाम-निर्देशन पत्र हासिल किया है।
दिग्गजों ने ठोकी ताल : नामांकन दाखिले के पहले दिन पूर्व सभापति सुभाष पांडेय और उनके पिछलग्गू संजय मोदी के साथ 2 पार्षदों ने अपने करीबियों के नाम से फार्म खरीदा है। ऐसे में टिकट वितरण से पहले ही भाजपा से दिग्गजों ने अपनी ताल ठोक नी शुरू कर दी है।
नामांकन शुरू | महापौर के लिए महेन्द्र चौहथा ने खरीदा नामांकन फार्म।
(धरमजयगढ़ से आई पार्षद प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल किया। )