- Hindi News
- 8 साल से बंद पड़े इंड सिनर्जी में घुसे दो बाघ, ग्रामीणों ने किया रतजगा
8 साल से बंद पड़े इंड सिनर्जी में घुसे दो बाघ, ग्रामीणों ने किया रतजगा
पिछलेपखवाड़े भर से रायगढ़ वन मंडल के जंगलों में घूम रहा बाघ शनिवार की शाम पिछले 8 सालों से बंद पड़े महापल्ली कोटमार स्थित इंड सिनर्जी कंपनी में घुसने की बात सामने आई।
खास बात यह है कि अब तक एक ही बाघ के ओडिशा की जंगलों से आने की बात कही जा रही थी, मगर शनिवार की शाम दो बाघ को साथ-साथ देखे जाने की बात कही जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों की माने तो अब तक जो पदचिन्ह मिल रहे थे वह मादा बाघ का था। ऐसे में नर बाघ भी होने की पूरी संभावना है। बहरहाल शनिवार की शाम बंद पड़े फैक्ट्री में दो बाघ के घुसने की खबर पूरे क्षेत्र में फैली तो ग्रामीण दहशत में गए। फैक्ट्री के कुछ दूरी पर ग्रामीणों द्वारा आग जला कर रतजगा किया वहीं गांवों में भी जगह जगह ग्रामीणों ने रातभर रतजगा किया। इधर सूचना देने के बाद भी वन विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। बताया जा रहा है कि महापल्ली में दुकान संचालित करने वाले माधव और खीरू मालाकार अपने गांव सियार पाली जा रहे थे। दोनों रोजाना की तरह बंद पड़े फैक्ट्री से ही घर जा रहे थे। लिहाजा दोनों ने दो बाघ को फैक्ट्री के अंदर प्रवेश करते हुए देखने की बात कही जा रही है। हालांकि इसे अफवाह भी करार दिया जा रहा है। लेकिन पिछले कई दिनों से रायगढ़ वन मंडल के जंगलों में मिल रहे बाघ के पदचिन्ह से अफवाह गलत साबित भी हो सकती है।