तेजी से चल रहा लाइब्रेरी का निर्माण
रायगढ़| नगरके सुधिजनों एवं पाठकों को दीपावली से पूर्व सर्वसुविधा युक्त एयर कंडीशन अत्याधुनिक लाइब्रेरी की सौगात मिलेगी। अक्टूबर माह के प्रथम पखवाड़े में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के हाथों यह अत्याधुनिक लाइब्रेरी रायगढ़ की जनता को समर्पित की जाएगी। रायगढ़ शहर के मध्य स्थित जिला ग्रंथालय की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जीर्णोद्धार एवं विस्तारीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। 10 अक्टूबर तक यह काम पूरा हो जाएगा। इस दौरान निगम के कार्यपालन अभियंता डी.के.शर्मा उपस्थित थे। कलेक्टर श्री बंसल ने लाइब्रेरी की साज-सज्जा एवं रंग-रोगन के बारे में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला ग्रंथालय के भूतल के हिस्से के सौंदर्यीकरण के साथ ही प्रथम तल पर पाठकों की सुविधा के लिए 1500 वर्गफुट का एअर कंडीशन हाल बनाया जा रहा है।
पाठकों की सुविधा के लिए लाइब्रेरी परिसर में वाशरूम का निर्माण भी कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रथम तल में लाइब्रेरी हाल के साथ ही 200 वर्ग फीट का कार्यालय कक्ष तथा 250 वर्गफीट एरिया में वेटिंग हाल का निर्माण भी कराया जा रहा है। कलेक्टर ने लाइब्रेरी भवन में प्रकाश की बेहतर व्यवस्था के साथ ही रीडिंग हाल में 4 एयर कंडीशन लगाए जाने के निर्देश दिए। लाइब्रेरी के लिए आवश्यक फर्नीचर, आलमीरा क्रय के भी निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने इस मौके पर लाइब्रेरी भवन एवं निगम के निर्माणाधीन काम्पलेक्स के पिछले हिस्से का समतलीकरण कराने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए।