पीडीएस में धांधली, सीएम के सामने शिकायत करेंगे वार्ड 32 के निवासी
पीडीएस में धांधली करने वाले आपरेटर पर खाद्य विभाग की मेहरबानी को लेकर वार्ड 32 के लोग सीएम से इसकी शिकायत करेंगे। पीडीएस आपरेटर द्वारा करीब तीन लाख रुपए का राशन गायब करने के बाद भी दुकान बहाल करने के बाद लोगों ने फूड विभाग में इसकी शिकायत की थी लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं होे सकी थी
शहर के वार्ड नंबर 32 की राशन दुकान का मामला सीएम तक पहुंचाने के लिए वार्डवासी शनिवार को विभाग की शिकायत करेंगे। खाद्य विभाग में आपरेटर की शिकायत लेकर पहुंचे लाेगों के हंगामे के बाद भी शुक्रवार को कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी। जिससे वार्डवासियों ने यह योजना बनाई है। दरअसल पीडीएस आपरेटर रविंदर सिंह के दुकान की जांच में फूड इंस्पेक्टर द्वारा 9 सितंबर को जब जांच की गई थी तो उसमें दुकान से 98 क्विंटल चावल,4 क्विंटल शक्कर एवं 376 लीटर केरोसीन का स्टाक का हेरफेर मिला था। सरकारी रिकार्ड में करीब 3लाख रुपए थी लेकिन संचालक पर 5 हजार जुर्माना लगाकर खानापूर्ति कर ली और निलंबन के दूसरे हफ्ते में ही दुकान बहाल कर वापस उसी संचालक को दे दी थी और जब फिर से राशन देने में आनाकानी कर लोगों से बुरा व्यवहार किया तो लोगों ने खाद्य विभाग के पास इसकी शिकायत की थी और दुकानदार को संरक्षण देने का आरोप लगाया था।