विष्णु महायज्ञ की निकली कलश शोभायात्रा
विश्वात्म चेतना महासम्मेलन एवं श्री विष्णु महायज्ञ का विशाल कलश शोभायात्रा शुक्रवार दोपहर 2 बजे रामलीला मैदान से गढ़उमरिया के लिए निकली। शोभा यात्रा में हजारों की संख्या में ग्रामीण श्रद्धालुओं सहित नगरवासी शामिल हुए। इस दौरान आदिवासी अंचल के करमा नृत्य दल, घूमरा पार्टी, हरिनाम संकीर्तन मंडली, बाबा कल्याणदास महाराज की आकर्षक रथ एवं भव्य कलश शोभायात्रा की अगुवानी कर रहे थे।
विश्वात्म चेतना परिषद के संस्थापक स्वामी सत्य प्रज्ञानंद सरस्वती के सानिध्य एवं मार्ग दर्शन में औरदा रोड ग्राम गढ़उमरिया आनंद निलयम में दोपहर साढ़े 12 बजे विश्वात्म ध्वजारोहण किया गया। दोपहर दो बजे महिलाओं द्वारा कलश शोभायात्रा रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर आदिवासी करमा पार्टी एवं हरिनाम संकिर्तन मंडली बाजे गाजे एवं भक्तिमय गीत, नृत्य के साथ शंख, घड़ियाल व मृदंग के थाप व भारी आतिशबाजी के साथ नगर भ्रमण करते हुए आनंद निलयम गढ़उमरिया के लिए रवाना हुई। शोभायात्रा रामलीला मैदान से सरकारी पेट्रोल पम्प होते हुए हंडी चौक, हटरी चौक, गद्दी चौक, पैलेस रोड, मंदिर चौक, न्यू मार्किट, ओवर ब्रिज होते हुए ग्राम गढ़उमरिया पहुंची। वहां से आसपास क्षेत्र की लगभग दो हजार से अधिक महिलाएं कलश यात्रा में शामिल हुई। कलश यात्रा के दौरान मार्ग में महिलाएं अपने-अपने घरों के सामने रंगोली सजाकर व दीप प्रज्जवलित कर कलश यात्रा का स्वागत किया।
ग्राम गढ़उमरिया यज्ञ स्थल आनंद निलयम आश्रम पहुंच कर पूरे विधि विधान से कलश स्थापना की गई। शोभायात्रा में पंचमुखी हनुमान मंदिर, नामदेव पटवा समाज, गौ रक्षा सेवा समिति, ब्राहम्ण समाज, यादव समाज, राम नवमी आयोजन समिति, सिंधी समाज सहित सर्व समाज के लोग शामिल थे। विश्वात्म चेतना परिषद के सचिव सुनील बंसल, सुरेश शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष डा. जवाहर नायक, विधायक रोशन लाल अग्रवाल सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाओं एवं सर्व समाज के लोग शामिल हुए।
विशाल शोभायात्रा में शामिल श्रद्धाालु।
आज विश्वात्म चेतना महा सम्मेलन उद्घाटन
आनंद निलयम आश्रम में शनिवार सुबह साढ़े 8 बजे श्री विष्णु महायज्ञ एवं श्री अखण्ड नामयंज का शुभारंभ होगा। विश्वात्म चेतना महासम्मेलन एवं श्री राम कथा सत्र का उद्घाटन होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डाॅ.रमन सिंह एवं विशिष्ट अतिथि बाबा कल्याण दास अमरकंटक, रामस्वरूपाचार्य चित्रकूट, महामंडलेश्वर डाॅ. उमाकांतानंद सरस्वती हरिद्वार, सम्मानित अतिथियों में केन्द्रीय इस्पात मंत्री विष्णुदेव साय, अमर अग्रवाल एवं विधायक रोशन लाल अग्रवाल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सत्य प्रज्ञानंद सरस्वती बलांगीर करेगे।
आयोजन