सीएम करेंगे ‘जतन’ केन्द्र का लोकार्पण, स्वास्थ्य, मनोरंजन व शिक्षा सुविधा मिलेगी
रायगढ़ | मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह शनिवार सुबह जिला पंचायत स्थित जतन केन्द्र का लोकार्पण करेंगे। जतन केन्द्र में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को एक ही परिसर में स्वास्थ्य, मनोरंजन एवं शिक्षा संबंधी बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जतन केन्द्र की स्थापना की गई है। यह केन्द्र शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र के रूप में डीडीआरसी (रेडक्रास) मानसिक स्वास्थ्य इकाई, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा संचालित होगा। इस केन्द्र में दंत चिकित्सक, शिशु रोग विशेषज्ञ, मनो चिकित्सक एवं फिजियोथेरेपिस्ट सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं देंगे। ताकि बच्चों का इलाज के साथ ही अनेक गतिविधियों में शामिल कर उनका बौद्धिक विकास किया जा सके। इसके साथ ही चिरायु योजनांतर्गत माह के प्रत्येक गुरुवार को शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इसमें विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ जैसे कार्डियोलाजिस्ट, न्यूरोलाजिस्ट, त्वचा विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, मेडिसिन, नेत्र विशेषज्ञ के द्वारा सेवाएं ली जाएगी और विशेष आवश्यकता वाले चिह्नांकित बच्चों को संजीवनी कोष, बाल हृदय सुरक्षा योजना, बाल श्रवण योजना, चिरायु योजना के माध्यम से उनका निशुल्क इलाज कराया जाएगा।