8 हजार संग्राहकों को बंटेगा 9 करोड़ 60 लाख का बोनस
रायगढ़ | मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह मिनी स्टेडियम में आयोजित निशुल्क मेगा हेल्थ कैम्प में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के 40 तेन्दूपत्ता संग्राहकों को प्रतीकात्मक रुप से बोनस की राशि का चेक वितरण कर जिले में तेन्दूपत्ता बोनस वितरण का विधिवत शुभारंभ किया। साथ ही तेन्दूपत्ता संग्राहक परिवारों को 5 बच्चों को छात्रवृत्ति का चेक वितरित किया गया। ज्ञात हो कि जिले में तेन्दूपत्ता संग्रहण वर्ष 2014 के तहत एक लाख 8 हजार तेन्दूपत्ता संग्राहकों को 9 करोड़ 60 लाख रुपए का बोनस वितरण किया जाएगा। बोनस की राशि वन समितियों को जारी की जा चुकी है। रायगढ़ जिले में वर्ष 2014 में एक लाख 24 हजार मानक बोरा तेन्दूपत्ता संग्रहण हुआ था। वर्ष 2016 में तेन्दूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य एक लाख 48 हजार मानक बोरा है। इस साल तेन्दूपत्ता का संग्रहण अप्रैल माह के आखिरी सप्ताह से शुरू होना संभावित है। रायगढ़ जिले में दो वनमंडल रायगढ़ एवं धरमजयगढ़ है। रायगढ़ वनमंडल में 55 हजार तथा धरमजयगढ़ वनमंडल में 53 हजार तेन्दूपत्ता संग्राहक है। जिले में 112 वन समितियां है।