विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए जतन केन्द्र का शुभारंभ
रायगढ़ | मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने जिला पंचायत स्थित जिला शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र जतन का शुभारंभ किया। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए उपचार एवं पुनर्वास के लिए इस केन्द्र की स्थापना की गई है। इसका संचालन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत गठित जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने इस दौरान जतन केन्द्र का अवलोकन किया और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने ऑडियोलॉजी कक्ष में दो माह का बालक श्लोक थवाईत की श्रवण क्षमता परखने के लिए उसके नजदीक ताली एवं चुटकी बजाई। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने इस मौके पर आडियोलॉजिस्ट स्मिता महोबिया से श्रवण एवं वाक परीक्षण की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने जतन केन्द्र में 9 वर्षीय बालक ओमप्रकाश से कम्प्यूटर ज्ञान से संबंधी जानकारी ली। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए जतन केन्द्र में कलेक्टर से एक हास्टल की सुविधा भी उपलब्ध कराने की बात कही।
जतन केन्द्र में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को एक ही परिसर में स्वास्थ्य मनोरंजन एवं शिक्षा संबंधी बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराई गई है। केन्द्र में दंत चिकित्सक, शिशु रोग विशेषज्ञ, मनो चिकित्सक एवं फिजियोथेरेपिस्ट सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं ली जा रही है, ताकि बच्चों के इलाज के साथ उन्हें गतिविधियों में शामिल कर उनका बौद्धिक विकास किया जा सके। साथ ही चिरायु योजनांतर्गत प्रत्येक गुरूवार को विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ कार्डियोलाजिस्ट, न्यूरोलाजिस्ट, नेत्र विशेषज्ञ एवं अन्य विशेषज्ञों की सेवाएं ली जाएगी। चिह्नांकित बच्चों का संजीवनी कोष, बाल हृदय सुरक्षा योजना, बाल श्रवण योजना के माध्यम से उनका निशुल्क इलाज कराया जाएगा।
फोटो..14, 15, 16
--------