एनटीपीसी के प्रभावितों की मदद कीजिए
\\\"हर वर्ष लगाएंगे शिविर\\\'
शनिवार को शहर के मिनी स्टेडियम में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कहा कि इस मेगा स्वास्थ्य शिविर से गरीबों का इलाज होगा। हृदय रोगियों का आपरेशन और कोक्लिया इंप्लांट (गूंगे बहरों के लिए कान का आपरेशन) जैसा इलाज गरीबों की पहुंच से बाहर होता है और इस शिविर में ऐसे मरीजों को चिह्नांकन कर इलाज किया जा रहा है। जिले से 30 हजार लोगों की जांच के बाद अब 4 हास्पिटल प्रबंधन 450 मरीजों की सर्जरी करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के दूसरे जिलों में भी इस तरह का कैंप कराया जाएगा। शनिवार को सीएम रमन सिंह ने नि:शुल्क मेगा हेल्थ कैम्प का शुभारंभ किया।
हेल्थ कैंप के माध्यम से निर्धन वर्ग एवं जरूरतमंदों को निशुल्क इलाज उपलब्ध कराने की इस पहल को सीएम ने सराहा और ऐसे हेल्थ कैंप का आयोजन रायगढ़ के सभी जिलों में कराए जाने की घोषणा की है। विधायक रोशनलाल की मांग पर उन्होंने रायगढ़ में हर वर्ष 13 फरवरी को ऐसा शिविर लगाए जाने को भी स्वीकृति दे दी। शेष पेज 14
जिले में 29 हजार 800 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और इसमें से गंभीर रोगों से पीड़ित करीब 450 लोगों को सर्जरी, एवं दूसरे किस्म के गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए चुना गया है। बालाजी, अपोलो ,नारायणी एवं जिंदल फोर्टिस जैसे प्राइवेट अस्पताल अब इन मरीजों की सर्जरी निशुल्क करेंगे और इसके लिए शासन की ओर से आवश्यक राशि का भुगतान किया जाएगा। मिनी स्टेडियम में संचालित इस कैंप में शनिवार को करीब तीन हजार से ज्यादा लोगों ने अपना पंजीयन कराकर शिविर में मौजूद डाक्टरों से चेकअप कराया है। जिसमें संजीवनी कोष के तहत 100 मरीजों को और चयनित किया गया तथा सीएम बाल हृदय याेजना में 50 और बच्चाें को सर्जरी के लिए चुनकर शासन के पास रिकार्ड भेजे जा रहे हैं। राज्य में सड़कों का जाल बिछाने के लिए 40 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जायेंगे। कार्यक्रम को केन्द्रीय राज्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ अमर अग्रवाल, विधायक रोशनलाल अग्रवाल ने भी संबाेधित किया। इस दौरान महिला व बाल विकास मंत्री रमशीला साहू, संसदीय सचिव सुनीति राठिया, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के सत्यानंद राठिया, पूर्व मंत्री मेघाराम साहू, केराबाई मनहर और महापौर मधुबाई भी उपस्थित रहीं।
स्वास्थ्य शिविर के उद्घाटन कार्यक्रम में बच्चे से हाथ मिलाते मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह।
नहीं गए स्वागत को
जिला प्रशासन के मुताबिक मंच पर मुख्यमंत्री के साथ रहने वाले नेता कार्यकर्ताओं की सूची में प्रदेश बीजेपी के उपाध्यक्ष गिरधर गुप्ता का नाम था लेकिन बीजेपी के दूसरे नेताओं से खींचतान के बाद गिरधर स्टेज पर नहीं गए। उनके साथ जिला बीजेपी के उपाध्यक्ष बजरंग अग्रवाल और विधायक समर्थक कार्यकर्ता व पदाधिकारी भी मंच पर मुख्यमंत्री के स्वागत को नहीं गए।
जिला बीजेपी के अध्यक्ष जवाहर नायक के साथ ही निगम के पूर्व सभापति और अन्य लोग स्टेज पर रहे।
111 जोड़ों का विवाह
कार्यक्रम के दौरान सीएम कन्या दान योजना के तहत जिले में 111 नवदम्पत्तियों को परिणय सूत्र में बंधने की शुभकामनाएं दी। उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं में 2550 हितग्राहियों को एक करोड़ 40 लाख रुपए की सामग्री व अनुदान राशि का वितरण किया। प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने 41.45 करोड़ रुपए की लागत वाले 108 विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण किया।
एयरपोर्ट बनेगा: अमर
कुछ माह पूर्व एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया के अधिकारियों और 12 फरवरी को सीएस विवेक ढांड ने स्पष्ट किया कि व्यवसायिक रूप से फायदेमंद नहीं होने के कारण रायगढ़ में फिलहाल एयरपोर्ट नहीं बनाया जाएगा बल्कि जगदलपुर में एयरपोर्ट बनाया जाएगा लेकिन आज नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल ने कहा कि रायपुर के बाद कहीं एयरपोर्ट बनेगा तो रायगढ़ में बनेगा।
रायगढ़ की तरह सभी जिलों में लगेगा निशुल्क हेल्थ कैंप
सत्ताधारी दल के विधायक होेने के बाद भी रोशनलाल ने आज स्टेज से मुख्यमंत्री को एनटीपीसी के लोगों का दुखड़ा सुनाया। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी के प्रभावित किसानों व भू विस्थापितों की तकलीफ स्थानीय प्रशासन नहीं सुन रहा है। विधायक ने एनटीपीसी पर अधिग्रहण से पूर्व किए गए वादों में एक पर भी अमल नहीं करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर लोगों की मदद करने का आग्रह किया। जब मंच से विधायक को बोलने का अवसर मिला तो हेल्थ कैंप व शासन की उपलब्धियों को गिनाने के बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से एनटीपीसी का मुद्दा उठाया।
और बताया कि कंपनी के अधिकारी किसी की नहीं सुनते हैं। जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन नहीं करने एवं ग्रामीणों को मुआवजा, बोनस जैसे अधिकार नहीं मिलने से पीड़ित लोग इस विकास से खुश नहीं है। उल्लेखनीय है कि जिले में एनटीपीसी में जमीन घोटाले के बाद जिन 9 गांवों के प्रभावितों के लिए बुनियादी सुविधाएं विकसित की जानी थी। वो अब तक पूरी नहीं हो सकी है। इसके अलावा जमीन के मुआवजा, बोनस, पुनर्वास को लेकर भी कंपनी अपना वादा पूरा नहीं कर पा रही है। मुख्यमंत्री ने इस पर कहा है कि किसानों और भू विस्थापितों को परेशान होने नहीं देंगे और हरसंभव उनसे किए गए वादे पूरे कराए जाएंगे।