पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने मैट्रिक परीक्षार्थियों के लिए रजिस्ट्रेशन की जो तिथि तय की है, उस पर जिरह शुरू हो गई है। मैट्रिक परीक्षा में परीक्षार्थियों की बड़ी संख्या है। बीच में दुर्गापूजा व बकरीद का पर्व है। इस कारण करीब 5 दिन से एक सप्ताह तक स्कूलों में छुट्टी रहने की उम्मीद है। ऐसे में महज 18 दिनों में सभी छात्रों का रजिस्ट्रेशन कार्य पूरा कराया जाने का निर्णय लिया गया है। चार दिन ही छुट्टी में माने तो 14 दिन में करीब 15 लाख परीक्षार्थियों के रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरवाए जाएंगे।
बिहार बोर्ड के स्कूलों को दिशा-निर्देश जारी
बिहार बोर्ड ने सभी स्कूलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिया है। हर हाल में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश जारी किए गए हैं। बोर्ड के सचिव श्रीनिवास चंद्र तिवारी का कहना है कि अगले मंगलवार से मैट्रिक का रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा। इसे 10 सितम्बर तक पूरा कर लिया जाएगा। अगर कोई विद्यार्थी चूकता है तो उसे 15 सितम्बर तक 100 रुपए विलंब शुल्क के साथ फॉर्म भरने का मौका दिया जाएगा।