भोपाल। व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने एक्सीलेंस और मॉडल स्कूलों में एडमिशन के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड उपलब्ध करा दिए हैं। परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले छात्र मंडल की वेबसाइट से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। यह परीक्षा आगामी 15 फरवरी को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 9:45 से दोपहर 12:15 बजे रहेगा। परीक्षा जिला मुख्यालयों के साथ ही उन विकास खंड मुख्यालयों में भी होगी जहां मॉडल स्कूल हैं।
माशिमं : दस फरवरी को होने वाली जनसुनवाई स्थगित
भोपाल। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा छात्र-छात्राओं की समस्याओं के निराकरण के लिए मंगलवार को आयोजित की जाने वाली जनसुनवाई आगामी 10 फरवरी को नहीं होगी। मंडल ने अपरिहार्य कारणों से इस तारीख को होने वाली जनसुनवाई स्थगित कर दी है। अगली जनसुनवाई अब 24 फरवरी को पूर्व निर्धारित समय सुबह 11:30 से दोपहर 1:30 के बीच होगी।
आरटीओ के उड़नदस्ते ने 26 गाड़ियां जब्त की
भोपाल। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के उड़न दस्तेने शनिवार को मिसरोद के पास 26 गाड़ियां जब्त कीं। इनमें से 11 गाड़ियों के मालिकों ने 78 हजार रुपए का जुर्माना वसूल कर गाड़ियों को छोड़ दिया गया। बची हुई गाड़ियों से 8 लाख रुपए से ज्यादा की वसूली की जाएगी। उड़न दस्ते के प्रभारी व आरटीआई बिरेश तुमरान ने बताया कि बिना परमिट व कागजात के चल रही गाड़ियों के खिलाफ यह कार्रवाई की जा रही है। बस, जेसीबी तक को कार्रवाई के दौरान जब्त किया गया।