पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Bu Envelopes Of Appointment Will Open Today

बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी की कार्यपरिषद आज, खुलेंगे नियुक्ति के लिफाफे

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(फाइल फोटो)

भोपाल। बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी की मंगलवार को होने वाली कार्यपरिषद की बैठक में फैकल्टी और कर्मचारियों की नियुक्ति के लिफाफे खुलेंगे। पिछले पांच दिनों से यूनिवर्सिटी में फैकल्टी रिक्रूटमेंट के लिए इंटरव्यू चल रहे थे। इस दौरान करीब 600 उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए गए। बीयू ने नियुक्ति पत्र का प्रारूप तैयार कर लिया है। यह बैठक दोपहर 12 बजे शुरू होगी।
इस बार यूनिवर्सिटी में वकीलों का मानदेय बढ़ाने का भी प्रस्ताव जा रहा है। बीयू हाईकोर्ट में यूनिवर्सिटी की ओर से केस लड़ने वाले ऐसे वकीलों को 15 हजार रुपए तक का मानदेय देगा, जिनके पास 15 से 20 साल तक का अनुभव है। अभी इन्हें बीयू 8 हजार रुपए मानदेय दे रहा है। इससे कम अनुभव वाले वकीलों को 10 हजार रुपए दिए जाएंगे। लीगल ओपिनियन के लिए वकीलों को 2 हजार रुपए तक देने का प्रावधान किया जा रहा है। केंद्रीय संस्थानों की तर्ज पर बीयू में काम के दिन सप्ताह में पांच दिन और कार्य का समय सुबह 9 से शाम 6 बजे तक करने के प्रस्ताव के साथ ही पीपुल्स मेडिकल कॉलेज का मामला भी बैठक में रखा जाएगा।
पीपुल्स मेडिकल कॉलेज एमएससी मेडिकल माइक्रोबायोलॉजी कोर्स में से मेडिकल शब्द हटाकर छात्रों को एमएससी माइक्रोबायोलॉजी की डिग्री देने की तैयारी कर रहा है। जानकारी के अनुसार कॉलेज द्वारा इस कोर्स में बीएससी डिग्री धारियों को भी एडमिशन दे दिया गया है। जबकि इस कोर्स में एडमिशन की पात्रता केवल एमबीबीएस पास को ही होती है। बीयू द्वारा इन छात्रों को अपात्र मानने के बाद मामला कोर्ट में चला गया था। जानकारी के अनुसार कोर्ट ने इस मामले में बीयू के हक में फैसला सुनाया है। बीयू द्वारा अब इस मामले पर अंतिम फैसला कार्यपरिषद की मंजूरी के बाद लिया जाएगा।