गांधीनगर। गुजरात में स्वाइन फ़्लू का मामला तेजी से फैलता जा रहा है। अभी तक इसे रोक पाने में सरकार विफल साबित हुई है। बताते चलें कि शुक्रवार को फ़्लू की वजह से हुई चार मौतों के साथ मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 66 हो गई है। इतना ही नहीं एक ही दिन के भीतर राज्य के विभिन्न हिस्सों से 73 नए मामले भी दर्ज हुए हैं। मरने वाले चार लोगों में दो बरोडा से जबकि कच्छ और राजकोट से एक-एक हैं।
फिलहाल जनजागरूकता के कारण ज्यादा से ज्यादा लोग चेकअप और इलाज के लिए अस्पतालों में एडमिट हो रहे हैं। उधर, गुजरात सरकार ने भरोसा दिया है कि अब आगे स्वाइन फ़्लू की वजह से मौतें नहीं होंगी। स्वाइन फ़्लू के जो नए मामले सामने आए हैं वे अहमदाबाद (12), कच्छ (20) सूरत (11), बरोडा (10) जामनगर (5) और अमरेली, आणंद, महेसाणा (सभी जगह दो-दो केस) के हैं।