(फोटो : जितिन चावला, निदेशक, सेंटर फॉर करियर डेवलपमेंट)
क्या आप वेब डिजाइनिंग में करियर बनाना चाहते हैं या फिर कमर्शियल पायलट बनने की तैयारी कर रहे हैं। इस संबंध में हमारे एक्सपर्ट जितिन चावला तैयारी कुछ जरूरी सवालों के जवाब दे रहे हैं, पढ़ें ...
मैं बीबीए द्वितीय वर्ष की स्टूडेंट हूं लेकिन ग्राफिक और वेब डिजाइनिंग में करियर बनाना चाहती हूं। कृपया इस क्षेत्र की जानकारी प्रदान करें और प्रमुख कॉलेजों के बारे में भी बताएं।
- सृष्टि
- वेब डिजाइनिंग वेब पेज, वेबसाइट और वेब एप्लीकेशन की डिजाइन से संबंधित होती है। एक वेब डिजाइनर एडवर्टाइजिंग एजेंसी, प्रकाशन हाउस, ऑडियो-विजुअल मीडिया, डिजाइन स्टूडियो, प्रिंटर्स और टाइपसेटर्स, मैन्यूफैक्चरर्स, डिपार्टमेंट स्टोर, मार्केटिंग फर्म्स, शिक्षण संस्थानों और पुस्तकालयों में अवसर तलाश सकते हैं। देश में कई इंस्टीट्यूट्स वेब डिजाइनिंग के कोर्स करवा रहे हैं जिसमें एरीना, एपटेक और एनआईआईटी आदि शामिल हैं। ग्राफिक डिजाइनिंग विजुअल कम्युनिकेशन की प्रक्रिया है जिसमें दर्शकों तक कोई संदेश पहुंचाने के लिए शब्दों, तस्वीरों और आइडिया को एकसाथ प्रस्तुत किया जाता है।
- एक ग्राफिक डिजाइनर के तौर पर आप समाचार पत्रों, पत्रिकाओं, कॉर्पोरेट रिपोर्ट, जर्नल और प्रकाशनों के लेआउट डेवलप करने और प्रोड्क्शन डिजाइन करने का काम कर सकते हैं। इसके अलावा आप कंपनियों और उनके उत्पादों को एक अलग पहचान देने वाले लोगो, पैकेजिंग और प्रमोशन सामग्री की डिजाइनिंग करते हैं। इस क्षेत्र में आप बड़े कॉर्पोरेट घरानों से लेकर खुद का ऑनलाइन ग्राफिक डिजाइन बिजनेस स्थापित करने जैसे अवसर तलाश सकते हैं। ग्राफिक डिजाइन में पीजी करने के लिए आप इन संस्थानों में प्रवेश ले सकते हैं-एनआईडी, अहमदाबाद, जामिया मिलिया इस्लामिया, एमआईटी इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन, एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन आदि।
मैंने पीसीएम के साथ बारहवीं की है और एक कॉमर्शियल पायलट बनना चाहता हूं। कृपया मुझे संबंधित कोर्स और इंस्टीट्यूट्स की जानकारी प्रदान करें।
- मोनू वर्मा
- सिक्योरिटी पायलट लाइसेंस (एसपीएल) एक सिक्योरिटी क्लीयरेंस है जो स्टूडेंट्स को प्राइवेट पायलट लाइसेंस या कॉमर्शियल पायलट लाइसेंस के लिए ट्रेनिंग कोर्स शुरू करने के लिए योग्य बनाता है। एसपीएल के लिए आपको चीफ फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा देनी होगी। साथ ही आपको एक मेडिकल फिटनेस का सर्टिफिकेट भी देना होगा। कॉमर्शियल पायलट लाइसेंस लेने के लिए गणित और भौतिक विज्ञान में बारहवीं उत्तीर्ण होना जरूरी है। साथ ही डीजीसीए के मापदंडों के अनुसार आपको मेडिकल स्तर पर फिट होना भी जरूरी है।
- 18 से 30 वर्ष की आयु वाले उम्मीदवार ही इस लाइसेंस को प्राप्त कर सकते हैं। पायलट की ट्रेनिंग लेने के लिए देश के प्रतिष्ठित संस्थान इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान एकेडमी (आईजीआरयूए) में दाखिला लिया जा सकता है। एडमिशन के लिए लिखित परीक्षा और साक्षात्कार देना होगा जिसके लिए गणित और भौतिक विज्ञान में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक और अंग्रेजी में पास मार्क्स होने जरूरी हैं। आईजीआरयूए के अलावा अन्य संस्थान हैं-फ्लाइंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट-कोलकाता, मुंबई फ्लाइंग क्लब, जूहु एयरोड्रॉम-मुंबई, स्कूल ऑफ एविएशन साइंस एंड टेक्नोलॉजी-दिल्ली, दिल्ली फ्लाइंग क्लब लिमिटेड-नई दिल्ली, गवर्नमेंट फ्लाइंग ट्रेनिंग स्कूल-बेंगलुरु, गवर्नमेंट फ्लाइंग क्लब-लखनऊ, गवर्नमेंट एविएशन ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट-भुवनेश्वर, पिंजोर एविएशन क्लब-अंबाला आदि।