पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • If You Want Maintain Your Success, Redy To News Changes

GURU MANTRA: सफलता कायम रखनी है तो बदलाव का हाथ थामिए

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(सांकेतिक फोटो)
मेरा करियर सुनियोजित था और सबकुछ मेरी इच्छा के अनुसार ही चल रहा था। मैं एक कंपनी में अच्छे पद पर नियुक्त था। मैंने अपने भविष्य की योजनाएं भी बना रखी थीं, लेकिन मुझे झटका तब लगा जब कंपनी ने छंटनी के दौरान मुझे नौकरी से निकाल दिया। यह मेरे एक दोस्त की आपबीती है। उसकी कंपनी ने आंतरिक वजहों से उस विभाग को बंद करने का फैसला लिया था, जिसमें मेरा दोस्त हेड था। दरअसल मेरा मित्र उस कंपनी में सेल्स विभाग का वाइस प्रेसीडेंट था। इस फैसले की वजह से वह रातों-रात बेरोजगार हो गया था।
वास्तविकता में वह जितने अच्छे तरीके से काम कर सकता था कर रहा था, लेकिन फिर भी यह घटना घट गई। इसकी वजह बताते हुए मेरे दोस्त ने मुझसे कहा कि कंपनी के नियम व नीतियां काफी बदल गए थे, जिससे सेल्स में तेजी से गिरावट आ रही थी, इसमें उसकी कोई गलती नहीं थी। असल में मेरे इस दोस्त ने अपनी नौकरी उन बाहरी कारकों के कारण खो दी, जो उसके नियंत्रण से बाहर थे। बात यहीं खत्म नहीं होती। आगे चलकर भी काम के प्रति यह रवैया उसकी नौकरियों को हमेशा मुश्किल बनाएगा। हर संगठन का प्रत्येक विभाग परिवर्तन से होने वाले उस दबाव को महसूस करता है, जो परिवर्तन के कारण उत्पन्न होता है। सेल्स में तेजी से गिरावट बदलाव की सूचक थी। जिसे मेरे दोस्त को समझना चाहिए था।
उसमें अपने विभाग को बाज़ार में परिवर्तन के अनुसार बदलने की क्षमता नहीं थी, जिसकी कीमत उसे नौकरी गंवाकर चुकानी पड़ी। व्यवसाय व पेशेवर दुनिया बहुत तेजी से बदलती रहती है, जहां स्थिरता के साथ बहुत कम लोग ही काम कर पाते हैं। रोजमर्रा की जि़ंदगी में लोगों की जरूरतें बदलती रहती हैं, नीतियों और नियमों में बदलाव आ रहे हैं, तकनीक व बाज़ार में भी परिवर्तन आ रहा है। सभी संगठन अपने-अपने विभागों में परिवर्तन के कारण दबाव महसूस कर रहे हैं। दुनिया तेजी से बदल रही है और यहां बने रहने के लिए आपको काम करने की गति बढ़ानी होगी और वक्त के साथ चलना होगा। केवल इसी तरह आप प्रतिस्पर्द्धा में बने रह पाएंगे। भविष्य में अपनी प्रगति को परखने के लिए ये तरीके आजमाकर देखें।
बदलाव चेतावनी नहीं देता
मेरे दोस्त ने अपने बचाव में शिकायत करते हुए मुझसे कहा कि उसे जरा भी एहसास नहीं था कि उसे नौकरी से निकाल दिया जाएगा। उसके अनुसार, वह तो परिवर्तन को भांप भी नहीं पाया और अपनी नौकरी से हाथ धो बैठा। बदलाव की खासियत यही है कि ये आपको पहले से चेतावनी नहीं देता। आपको इसका एहसास सिर्फ तब होता है, जब ये आपको नुकसान पहुंचाता है। इससे पहले कि परिवर्तन आपके जीवन को बदलकर रख दे, आप पहले से ही इसके लिए तैयार हो जाएं। ऐसे में एक अच्छा सुझाव यह है कि हरेक को अपने काम के क्षेत्र में क्या नया हो रहा है, यह जानने के लिए हर सप्ताह कुछ वक्त खर्च करना चाहिए। जानकारी ही आपके अस्तित्व को बनाए रखने का आधार होती है।
अपने आपको बदलिए
जब भी कोई परिवर्तन हो तो अपने आपको उसके अनुसार बदल लें। अपनी जीवनशैली को बदलें, अपने पेशे से संबंधित रवैये को फिर से ठीक करें, अपने काम करने के तरीके में बदलाव लाएं और सबसे महत्वपूर्ण यह है कि आपको अपने सोचने के तरीके में भी बदलाव लाना होगा। कुल मिलाकर सकारात्मक ढंग से बदलने के लिए तैयार रहें। अगर परिवर्तन के उत्तर में आपका जवाब ‘ना में है तो ये आपके पेशे के लिए ठीक नहीं होगा।
जोखिम लो या अफसोस करो
हम जल्दी-जल्दी बदलने वाली पेशेवर दुनिया में रहते हैं। अगर हम काम में जोखिम नहीं उठाते तो बहुत कुछ खो देते हैं। ऐसा मत सोचिए कि आपके उत्पाद हमेशा ही चलते रहेंगे, अपनी नौकरी के बारे में भी कभी निश्चिंत न हों, ये भी मत सोचिए कि जो आज काम करने का तरीका है वह कल भी उपयोगी रहेगा। जोखिम लेने के बारे में सोचें, बदलाव की शुरुआत पर विचार करें, आगे बढऩे की हिम्मत रखें और सोचने व काम करने का नया तरीका ईज़ाद करें। यदि परिवर्तन बार-बार आपके दरवाजे पर दस्तक दे रहा है तो आपको उसका हाथ थाम लेना चाहिए।
-प्रिया कुमार, प्रेरक वक्ता व कॉर्पोरेट ट्रेनर हैं।