पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

IT इंजीनियरिंग के बाद एयरफोर्स में बनाना है करियर, पढ़ें कुछ सवालों के जवाब

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(फोटो : जितिन चावला, निदेशक, सेंटर फॉर करियर डेवलपमेंट)
क्या आप आईटी इंजीनियरिंग में स्नातक कर रहे है और अब एयरफोर्स में करियर बनाना चाहते हैं या आर्ट्स ग्रेजुएशन के बाद बतौर शेफ अपना करियर बनाना चाहते हैं? इस बारे में हमारे एक्सपर्ट जितिन चावला कुछ जरूरी सवालों के जवाब के साथ रूबरू हैं। पढ़ें...
मैंने आईटी इंजीनियरिंग में स्नातक किया है और अब एयरफोर्स में करियर बनाना चाहता हूं। कृपया मुझे सही मार्गदर्शन दें।
- गणेश गोयते
  • एयर फोर्स में करियर के अवसरों को तीन श्रेणियों में विभाजित किया जा सकता है - फ्लाइंग ब्रांच, टेक्निकल ब्रांच और ग्राउंड ड्यूटी ब्रांच। आप फ्लाइंग और टेक्निकल ब्रांच के लिए योग्य हैं। फ्लाइंग ब्रांच में जाने के लिए आप बैचलर्स के बाद कम्बाइंड डिफेंस सर्विस (सीडीएस) की परीक्षा दे सकते हैं जो यूपीएससी द्वारा वर्ष में दो बार आयोजित की जाती है। इस परीक्षा के माध्यम से आप इंडियन मिलिट्री एकेडमी, ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी, इंडियन नेवल एकेडमी और इंडियन एयर फोर्स एकेडमी में रोजगार के अवसर तलाश सकते हैं। परीक्षा की अधिसूचना आमतौर पर अक्टूबर और जून के महीनों में जारी होती है और परीक्षा नवम्बर व फरवरी के महीनों में आयोजित होती है।
  • लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण होने पर आपको सर्विसेज सलेक्शन बोर्ड के सामने साक्षात्कार के लिए प्रस्तुत होना होता है। साक्षात्कार में सफल होने पर आप फ्लाइंग ब्रांच में हेलिकॉपटर पायलट, फाइटर पायलट या ट्रांसपोर्ट पायलट के तौर पर जगह बना सकते हैं। एयरफोर्स की टेक्निकल ब्रांच में मेकेनिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स डिविजन के एरोनॉटिकल इंजीनियर्स को नियुक्त किया जाता है। आयु सीमा 18 से 28 वर्ष है। विस्तृत जानकारी के लिए आप यूपीएससी और इंडियन एयरफोर्स की वेबसाइट देख सकते हैं।
मैं आर्ट्स ग्रेजुएट हूं और शेफ बनना चाहती हूं। कृपया गाइड करें कि मुझे आगे क्या करना होगा।
- प्रीति कुमारी केशरी
  • ग्रेजुएशन के बाद फूड प्रोडक्शन में डेढ़ वर्ष का सर्टिफिकेट कोर्स किया जा सकता है जो देश के कई फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट्स द्वारा करवाया जा रहा है। ये इंस्टीट्यूट्स अजमेर, चंडीगढ़, दार्जिलिंग, फरीदाबाद, उदयपुर, पुड्‌डुचेरी और हरियाणा में स्थित हैं। विभिन्न प्रोफेशनल कुलिनरी इंस्टीट्यूट शेफ ट्रेनिंग के लिए अप्रेंटिसशिप प्रोग्राम भी आयोजित करते हैं जिनमें दिल्ली का इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ कुलिनरी आर्ट्स, हैदराबाद का कुलिनरी एकेडमी ऑफ इंडिया, चंडीगढ़ का इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड केटरिंग टेक्नोलॉजी शामिल है। आप ओबेरॉय, वेलकम ग्रुप, ताज जैसे होटल्स की चेन में प्रदान की जाने वाली ग्रेजुएट एंट्री का भी उपयोग कर सकते हैं।
  • एक प्रोफेशनल शेफ के तौर पर आप देश विदेश के होटल, रेस्त्रां, एयर केटरिंग, फूड प्रोसेसिंग कंपनीज, कन्फेक्शनरी केटरिंग, क्रूज लाइनर, आर्म्ड फोर्स, टीवी प्रोडक्शन हाउस, मीडिया, हॉस्पिटल, कॉर्पोरेट केटरिंग का हिस्सा बन सकते हैं। इसके अलावा डिफेंस और रेलवे विभाग की विभागीय केटरिंग और विभिन्न संस्थानों की कैंटीन में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं। बतौर शेफ आप अपना व्यवसाय भी शुरू कर सकते हैं या शिक्षण के क्षेत्र में जा सकते हैं।