(फाइल फोटो : प्रधानमंत्री जनधन योजना के खाताधारक।)
मुंबई. 28 अगस्त साल 2014 को शुरू हुई प्रधानमंत्री जनधन योजना में 25 सितंबर तक 5 करोड़ से ज्यादा लोगों ने अपना खाता खुलवा लिया है। वित्तीय सेवा सचिव जीएस संधु ने भारत-अमेरिकी चैंबर की सालाना बैठक में बताया, "सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की अगुवाई में वित्तीय संस्थानों ने 25 सितंबर के तहत जनधन योजना के तहत 5 करोड़ से अधिक खाते खोले गए और 3,500 करोड़ रुपए जमा हुए हैं। इस योजना के जरिए खुले खाते में प्रति खाता औसत जमा 800 से 900 रुपए है।"
आधार योजना को गति देते हुए संधु ने बताया कि इन खातों को आधार योजना से जोड़ा गया है और नकल से बचने के लिए इसमें बायोमिट्रिक सुरक्षा के उपाय किए जाएंगे। प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जनधन योजना की घोषणा की थी और इसे औपचारिक रूप से 28 अगस्त को शुरू किया गया है। योजना शुरू होने के पहले दिन ही बैंकों ने 1.5 करोड़ से अधिक खाते खोले थे। सरकार ने अगले गणतंत्र दिवस तक बिना किसी राशि के साथ 7.5 करोड़ खाते खोलने का लक्ष्य रखा है। इन खातों के साथ 5,000 रुपए की ओवरड्राफ्ट सुविधा तथा एक लाख दुर्घटना कवर दिया जा रहा है। ये खाते रूपे कार्ड से जुड़े हैं।