फोटो- अनंतनाग में रैली को संबोधित करती कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी
नई दिल्ली. चौथे चरण में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में रैली करने अनंतनाग के शंगस पहुंची कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मोदी पर निशाना साधा है। सोनिया ने कहा कि पीएम बाढ़ राहत कार्यों पर ध्यान नहीं दे रहे बल्कि सिर्फ बातें ही हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 6 महीने विकास कहीं भी नजर नहीं आया लेकिन विकास की बातें बहुत हुई हैं।
भूकंप के दौरान कांग्रेस ने किया बेहतर काम
सोनिया गांधी ने अपने भाषण में
कश्मीर में आई बाढ़ और उसके बाद चलाए जा रहे राहत कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि जब गुलाम नबी आजाद कश्मीर के सीएम थे तब राज्य का बड़ा हिस्सा भूकंप से प्रभावित हुआ था उस वक्त कांग्रेस सरकार ने बड़े पैमाने पर राहत कार्य चलाकर राज्य के लोगों को राहत पहुंचाई थी। लेकिन पीएम राहत कार्यों पर ध्यान ने देकर इसे चुनावी मुद्दा बनाने में लगे हैं।
मोदी के 'विकास' पर साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रैली में कहा कि उन्हें पिछले 6 महीने में कुछ भी विकास होता नजर नहीं आया है। हालांकि उन्होने कहा कि हो सकता है अगले कुछ सालों में थोड़ा बहुत कुछ हो जाए लेकिन विकास करने से ज्यादा उसकी बातें ज्यादा हो रही हैं। उन्होने लोकतंत्र के उत्सव में बड़ी संख्या में कश्मीर के लोगों की भागीदारी के लिए उन्हें धन्यवाद भी दिया।
चुनाव मैदान में हैं पूर्व मंत्री गुलजार वानी
पार्टी के उम्मीदवार गुलजार अहमद वानी अनंतनाग चुनाव मैदान में हैं। सोनिया की दूसरी रैली
जम्मू में होगी जहां वे डोरू और कोकरनाग विधानसभा से उम्मीदवारों के लिए वोट मांगेगी। इससे पहले सोनिया पहले चरण के लिए बांदीपोरा और रामबन में जबकि उपाध्यक्ष
राहुल गांधी पुंछ और लोलाब में जनसभा को संबोधित कर चुके हैं। कांग्रेस के स्टार प्रचारक राज बब्बर भी
जम्मू-कश्मीर में कई रैलियां कर चुके हैं। दरअसल वानी साल 2008 के चुनाव में पीडीपी उम्मीदवार से लगभग 1400 वोटों से चुनाव हार गए थे। लेकिन, घाटी में हो रहे ज्यादा मतदान से कांग्रेस उत्साहित है उसे उम्मीद है कि पार्टी के बड़े नेताओं की रैली से यह सीट कांग्रेस के खाते में आ सकती है। जम्मू की डोरू और कोकरनाग सीट से भी कांग्रेस के दो दिग्गज प्रत्याशी पर्यटन मंत्री अहमद डोरू और कोकरनाग से पूर्व मंत्री पीरजादा मोहम्मद सईद चुनाव मैदान में हैं। पार्टी को ज्यादा मतदान के चलते इन सीटों पर जीत की उम्मीद बंधी है।
खनियार में सिद्धू करेंगे प्रचार
बीजेपी नेता नवजोत सिंह सिद्धू भी पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में खानयार में रैली कर चौथे और पांचवे चरण के लिए वोट मांगेंगे। खानयार में सिद्धू की जनसभा शनिवार दोपहर को होगी।