नई दिल्ली. भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरूवार को अपने 5 दिन के अमेरिका दौरे पर रवाना हो रहे हैं। इस दौरे के दौरान मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति
बराक ओबामा, पूर्व राष्ट्रपति और कारोबार जगत से जुड़े लोगों से मुलाकात करेंगे। मोदी 9/11 के शहीदों की याद में बनाए गए मेमोरियल में भी जाएंगे। प्रधानमंत्री अपनी यात्रा के दौरान अप्रवासी भारतीयों से भी रूबरू होंगे। मोदी अपने दौरे में शनिवार 27 सितंबर अमेरिकी समय के मुताबिक सुबह 10:30 बजे हिंदी में संयुक्त राष्ट्र महासभा को भी संबोधित करेंगे। 26 सितंबर को न्यूयॉर्क के जेएफके हवाई अड्डे पर मोदी का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद न्यूयॉर्क के मेयर बिल डे ब्लासियो मोदी से शिष्टाचार भेंट करेंगे। 26 तारीख को ही प्रधानमंत्री का फॉरर्च्यून-500 सूची में शामिल दुनिया की दिग्गज कंपनियों के सीईओ से भी बातचीत भी कार्यक्रम है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिकी दौरे का पूरा कार्यक्रम-
शनिवार 27 सितंबर-
- मोदी इस दिन 9/11 के शहीदों की याद में ग्राउंड जीरो पर बनाए गए मेमोरियल का दौरा करेंगे। इसके बाद मोदी यहां से संयुक्त राष्ट्र महासभा का रूख करेंगे। यहां मोदी सुबह 10-30 बजे महासभा को हिंदी में संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के सभी कार्यक्रमों का दूरदर्शन पर सीधा प्रसारण किया जाएगा।
- शनिवार को ही मोदी संयुक्त राष्ट्र में अपने भाषण के बाद श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंद्रा राजपक्षे और बांग्लादेश की प्रधानमंंत्री शेख हसीना से मुलाकात करेंगे।
- इसी दिन दोपहर में मोदी न्यूयॉर्क के पूर्व मेयर माइकल ब्लूमबर्ग और न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रयू क्यूमो भी मुलाकात करेंगे। शाम छह बजे मोदी का न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क में आयोजित ग्लोबल सिटिजन फेस्टिवल में भी शिरकत करेंगे। यहां मोदी का एक छोटा सा भाषण देने का भी कार्यक्रम है।
- मोदी सेंट्रल पार्क में शनिवार को ही अप्रवासी भारतीयों से मुलाकात करेंगे।
रविवार, 28 सितंबर-
- रविवार सुबह 11.30 बजे मोदी मैडिसन स्क्वायर गार्डन में भारतीय अमेरिकी समुदाय को संबोधन देंगे। रविवार की शाम को ही प्रधानमंत्री के स्वागत में भारतीय राजदूत डॉ सुब्रमण्यम जयशंकर ने होटल ताज ओन्ड पाइरे में डिनर का आयोजन किया है।
सोमवार, 29 सितंबर-
- इस दिन की सुबह मोदी अमेरिका के बड़े कारोबारियों से मुलाकात करेंगे। इसी दिन उनका पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और हिलेरी क्लिंटन से भी मुलाकात का कार्यक्रम है। विदेशी मामलों की परिषद ने भी मोदी को निमंत्रण भेजा है यहां मोदी एक लेक्चर देंगें। सोमवार दोपहर को ही मोदी वाशिंगटन डीसी के लिए निकल जाएगें। वाशिंगटन में मोदी ब्लेयर हाउस में ठहरेंगे। इसके बाद इसी दिन शाम को मोदी व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और मिशेल ओबामा के साथ डिनर करेंगे।
मंगलवार, सितंबर 30-
- मंगलवार को मोदी का कार्यक्रम वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास के सामने लगी गांधी प्रतिमा को नमन करने के साथ शुरू होगा। मोदी इसी दिन अब्राहम लिंकन और मार्टिन लूथर किंग मेमोरियल का दौरा भी करेंगे। इसके बाद वे राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनकी टीम से मुलाकात करेंगे। अोबामा से मुलाकात के बाद मोदी विपक्ष के नेता जो बाइडेन, जॉन कैरी और अन्य आला अधिकारियों के साथ लंच करेंगे। लंच करने के बाद मोदी कैपिटल हिल का दौरा करेंगे और निम्न सदन के प्रवक्ता जॉन बोह्नर से मुलाकात करेंगे। वाशिंगटन डीसी में ही मोदी अमेरिकी-भारतीय व्यापार परिषद द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में व्यापारियों से मुलाकात करेंगे। मंगलवार की शाम करीब 7 बजे मोदी भारत के लिए उड़ान भरेंगे।