पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

तीन फिल्में 23 जनवरी को एक साथ रिलीज होंगी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मुंबई. अगले साल 23 जनवरी को टकरा रहीं इन तीनों फिल्मों में कॉमन कड़ी है। इनके निर्माता-निर्देशक गहरे ताल्लुकात रखते हैं। "बेबी’ के निर्माता भूषण कुमार की कंपनी टी-सीरीज ने "डॉली की डोली’ के संगीत अधिकार खरीदे हुए हैं जिसके निर्माता अरबाज खान हैं।
सलमान की लगभग सभी फिल्मों के संगीत अधिकार भूषण कुमार के पास होते ही हैं लेकिन खान परिवार की अरबाज द्वारा निर्देशित "दबंग’ सीरीज के संगीत अधिकार भी टी-सीरीज के पास थे। "रेडी’ में सोहैल खान के साथ सह-निर्माता भूषण कुमार थे। "बेबी’ के नायक अक्षय कुमार और सलमान के बीच आपसी समझ और अच्छी दोस्ती है जिसका सम्मान सलमान के निर्माता भाई अरबाज भी करते हैं।

तीसरी फिल्म "खामोशियां’ में अली फजल और सपना पब्बी हैं। ये भट्ट कैंप की फिल्म है। महेश और मुकेश भट्ट ने टी-सीरीज के संस्थापक गुलशन कुमार के साथ कई फिल्में (सड़क, आशिकी वगैरह) बनाईं। हालिया म्यूजिकल हिट "आशिकी-2' से भट्ट बंधुओं और भूषण कुमार से रिश्ता मजबूत ही हुआ है। लेकिन "बेबी’ के रास्ते से हटने के बजाय भट्ट बंधु अपनी फिल्म 23 जनवरी को ही रिलीज कर रहे हैं।

तीनों खेमों में घनिष्टता है फिर भी एक-दूसरे के लिए रास्ता नहीं छोड़ रहे। क्यों? क्योंकि रिलीज डेट 2015 के पहले चार दिन के वीकेंड वाले सप्ताह में पड़ रही है। 23 जनवरी शुक्रवार को रिलीज होने वाली फिल्म को सोमवार को 26 जनवरी की राष्ट्रीय छुट्टी का फायदा मिलेगा। फिल्म के सीधे चार दिन के रन की खातिर तीनों फिल्में अड़ी हुई हैं। हालांिक कुछ जानकार ये भी बताते हैं कि तीनों फिल्मों में स्क्रीन के बंटवारे को लेकर बड़ी समस्या नहीं आएगी। इस दायरे की फिल्में आसानी से एक तारीख पर अपने हिस्से का व्यवसाय कर लेती हैं।

अक्षय कुमार की "बेबी’ को करीब 1800 स्क्रीन में रिलीज किया जायेगा। "डॉली की डोली’ को अरबाज करीब 1200-1400 स्क्रीन पर रिलीज करेंगे। "खामोशियां’ नॉन स्टारकास्ट है लेकिन भट्ट बंधुओं की गुडविल इसे 800 से ज्यादा स्क्रीन दिला ही देगी।
माना जा रहा है कि बराबर स्क्रीन मिलने से व्यवसाय में बहुत नुकसान नहीं होगा। तीनों फिल्मों के निर्माता इसे टक्कर नहीं मान रहे हैं। देखना होगा कि कारोबार के लिहाज से क्या समीकरण बनते हैं?