मुंबई: यूट्यूब चैनल All India B*****d (AIB) के कथित अश्लील कार्यक्रम रोस्ट में शिरकत करने वाले मशहूर डायरेक्टर करन जौहर, एक्ट्रेस
दीपिका पादुकोण समेत 14 लोगों के खिलाफ मुंबई की एक अदालत ने एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। इस कॉमेडी कार्यक्रम का वीडियो यूट्यूब पर वायरल होने के बाद काफी विवाद हुआ था। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों के कथित अश्लील जोक्स पर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के अलावा सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। विवाद के बाद वीडियो को एआईबी के अकाउंट से हटा लिया गया था। यह इवेंट दिसंबर में मुंबई में आयोजित हुआ था, जिसमें करीब 4 हजार लोग शामिल हुए थे। शामिल होने वाले लोगों में करन जौहर की मां के अलावा एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा और
आलिया भट्ट भी थीं।
जिन 14 के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया गया है, वे हैं-
अर्जुन कपूर, राजीव मसंद,
आलिया भट्ट,
दीपिका पादुकोण, अदिति मित्तल, आशीष शाक्या, गुरुसिमरन खंभा, तन्मय भट्ट, रोहन जोशी, रणबीर सिंह, करण जौहर, एआईबी रोस्ट के आयोजनकर्ता, नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और जनरल सेक्रेटरी।
इससे पहले, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्लूआईसीई) ने एआईबी नॉकआउट शो में हिस्सा लेने वाले
रणवीर सिंह,
अर्जुन कपूर और करन जौहर से बिना शर्त माफी मांगने को कहा था। संगठन ने कहा था कि अगर आपत्तिजनक वीडियो में दिखने वाले तीनों लोगों ने माफी नहीं मांगी तो उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। एफडब्लूआईसीई एक ऐसा संगठन है, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री के कई क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल हैं। हालांकि, करन जौहर ने कहा था कि जिन्हें यह शो पसंद नहीं है, वे इसे न देखें। मशहूर डायरेक्टर रामगोपाल वर्मा ने करन जौहर का समर्थन किया था।
‘रोस्ट’ का शाब्दिक अर्थ भुना हुआ होता है और यह मांस पकाने का एक तरीका है। हालांकि, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में इसे ह्यूमर का एक जेनर माना गया है। कार्यक्रम के दौरान
अर्जुन कपूर और रणबीर सिंह बतौर मुख्य अतिथि आए और उन्हें 'रोस्ट' करने के लिए आठ सदस्यों का पैनल मंच पर मौजूद था। करन जौहर की अगुआई में इन लोगों ने बारी-बारी से बेहद कटु और कथित अश्लील जोक्स से अर्जुन और रणबीर पर कटाक्ष किए।
आगे देखें संबंधित फोटो...
यह भी पढ़ें