(तमिल फिल्म 'आई' के ऑडियो लॉन्च इवेंट में परफॉर्मेंस के बाद खड़े उठकर ताली बजाते आर्नोल्ड श्वार्जनेगर)
मुंबई. हॉलीवुड फिल्म 'टर्मिनेटर' से भारत में मशहूर हुए हॉलीवुड स्टार आर्नोल्ड श्वार्जनेगर सोमवार को चेन्नई में थे। आर्नोल्ड यहां तमिल फिल्मों के मशहूर डायरेक्टर शंकर की अपकमिंग मूवी 'आई' के म्यूजिक लॉन्च इवेंट में पहुंचे थे। आर्नोल्ड ने कहा कि जहां तक विजुअल इफेक्ट्स और अभिनेताओं से काम करवाने का सवाल है, शंकर जीनियस निर्देशक हैं। इस दौरान आर्नोल्ड ने दक्षिण के सुपरस्टार रजनीकांत संग मंच भी साझा किया।
अमेरिका के सबसे बड़े राज्य कैलिफोर्निया के दो बार गवर्नर रह चुके आर्नोल्ड श्वार्जनेगर शंकर की आगामी फिल्म 'आई' के ऑडियो लॉन्च के अवसर पर चेन्नई में मौजूद थे। शंकर ने मुख्य रूप से तमिल फिल्में ही बनाई हैं। उनकी कई फिल्मों ने हिंदी में डब करने के बाद हिंदी भाषी राज्यों में भी शानदार कमाई की है। उनकी कुछ प्रमुख फिल्मों में 'कादलन (हमसे है मुकाबला)', 'शिवाजी - द बॉस' तथा 'एन्थिरन (रोबोट)' प्रमुख हैं।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में आर्नोल्ड ने कहा कि मैं जब भी क्रिएटिविटी से भरपूर निर्देशकों के साथ काम करता हूं तो मेरी फिल्में सफल होती हैं। फिर कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह भारतीय फिल्म है, जर्मन फिल्म है या अमेरिकन फिल्म। इवेंट में आर्नोल्ड ने पसंदीदा भारतीय अभिनेता के रूप में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन कहा कि भारतीय अभिनेताओं के साथ काम करना बेहद शानदार रहेगा।
आर्नोल्ड की फिल्म 'टर्मिनेटर' की पांचवीं कड़ी अगले साल सिनेमाघरों में आएगी। उन्होंने कहा हमने हाल ही में 'टर्मिनेटर 5' की शूटिंग खत्म की है। यह अगले साल जुलाई की शुरुआत में रिलीज हो जाएगी। ऑडियो लॉन्च के दौरान ए.आर रहमान ने फिल्म के गानों पर लाइव परफॉर्म भी किया। इस फिल्म में ऐमी जैक्सन, सुरेश गोपी और उपेन पटेल ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। यह फिल्म दिपावली पर रिलीज हो रही है।
आगे की स्लाइड्स में देखिए 'आई' के ऑडियो लॉन्च इवेंट से ली गई कुछ चुनिंदा तस्वीरें...