इस शुक्रवार को टी-सीरीज की ‘रॉय’ का प्रदर्शन हो रहा है। अर्जुन रामपाल और जैकलिन फर्नाडिस अभिनीत फिल्म में
रणबीर कपूर की मेहमान भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पूरे विश्व के प्रिंट व प्रचार के खर्च सहित फिल्म की लागत 40 करोड़ रुपए होती है।
मौजूदा समय में यह उन गिनीचुनी फिल्मों में से है जिसके सैटेलाइट टीवी अधिकार बिके हुए हैं। एक वर्ष पूर्व टी-सीरीज ने आगामी पांच फिल्मों के अधिकार एक साथ किए थे। उस अनुबंध के तहत रॉय को सैटेलाइट टीवी अधिकारों के बदले 15 करोड़ की राशि मिल चुकी है।
टी-सीरीज अपनी फिल्में पूरे विश्व में खुद प्रदर्शित करता है और ऐसे में टीवी अधिकारों का अनुबंध बहुत बड़ा राहत का कारण है। फिल्म का संगीत अत्यंत मधुर है और प्रदर्शन के पूर्व काफी लोकप्रिय हो चुका है। रणबीर कपूर और हिट संगीत के भरोसे फिल्म प्रथम दिन अच्छा खासा व्यवसाय कर लेगी और टी-सीरीज की पूंजी सुरक्षित लग रही है।
पिछले सप्ताह प्रदर्शित ‘षमिताभ’ ने पूरे फिल्म उद्योग को बहुत बड़ा झटका दिया। फिल्म ने प्रथम दिन 3 करोड़ का व्यवसाय किया और साप्ताहिक व्यवसाय मात्र 18 करोड़ रहा।
आर बाल्की ने हमेशा हटकर मनोरंजक फिल्में बनायी हैं, लेकिन इस बार मूल कथा चुनने में उनसे बड़ी चूक हो गई। विषय की गलती के अतिरिक्त उन्होंने एक सीमित दर्शक वाली फिल्म को बहुत कीमत पर बेचा, जिससे विश्व वितरक का घाटा और बढ़ गया।