सात साल बाद फिल्म "पानी’ के साथ निर्देशन में लौट रहे शेखर कपूर ने आखिरकार अपनी महा-मूवी के लिए हीरोइन चुन ली है। हालांकि ये उनसे कहीं ज्यादा निर्माता आदित्य चोपड़ा की पसंद हैं। शेखर की इस भविष्य की गाथा में हीरोइन हैं संजय भंसाली की खोज आएशा कपूर जिन्होंने उनकी फिल्म "ब्लैक’ में मूक-बधिर मिशेल मैक्नेली की बाल भूमिका की थी। नौ साल बाद वे यशराज बैनर की हीरोइन बनकर लौटी हैं। उन्होंने बैनर के साथ तीन फिल्मों का करार किया है।
फिल्म की कहानी उस भविष्य की है जब पानी एक दुर्लभ चीज होगी और इसके लिए युद्ध होगा। उस दौर में एक गरीब युवक (सुशांत सिंह राजपूत) और युवती (आएशा) में प्रेम होगा। शेखर ने हीरोइन के रोल के लिए हॉलीवुड में क्रिस्टन स्टूअर्ट, एमा वॉटसन और जेनिफर लॉरेंस का ऑडिशन लिया था। लेकिन आदित्य आएशा को ही इस रोल में चाहते थे। उनसे मिलने के बाद शेखर भी आश्वस्त हो गए। अब वे उच्चारण, अभिनय, एक्शन की क्लास ले रही हैं।