'उड़ता पंजाब’ का पहला शेड्यूल अमृतसर में होगा। ये एक महीने चलेगा।
करीना कपूर खान इस महीने के आखिर में इसकी शूटिंग शुरू करेंगी। 'इश्किया’ और 'डेढ़ इश्किया’ के बाद निर्देशक अभिषेक चौबे की ये तीसरी फिल्म होगी।
इसकी चर्चा इसलिए भी है क्योंकि करीना और उनके पूर्व-प्रेमी
शाहिद कपूर अलगाव के बाद फिर साथ दिखाई देंगे। दोनों साथ में "चुप चुप के’, "जब वी मेट’, "मिलेंगे मिलेंगे’ जैसी फिल्में कर चुके हैं।
इसके बाद उनका ब्रेकअप हुआ और करीना ने सैफ से रिश्ता शुरू किया। शाहिद के इसके बाद विद्या बालन,
प्रियंका चोपड़ा से भी कथित अफेयर हुए और टूटे। वे फिलहाल खुद को सिंगल ही कहते हैं। जाहिर है इन दोनों का होना, फिल्म को बहुत प्रचार देगा। खास एंगल
आलिया भट्ट का भी हैं।
एक तो "शानदार’ के बाद ये शाहिद के साथ उनकी दूसरी फिल्म होगी और वे खुद को करीना का फैन कहती हैं और उनकी सह-कलाकार बनेंगी। फिल्म और उसके कलाकारों के बारे में करीना कहती हैं, "मैंने पहले भी कहा था मैं ऐसी कोई फिल्म नहीं करना चाहूंगी जिसे खुद देखना न चाहूं। उड़ता पंजाब बहुत अच्छी कहानी है।
मेरा बहुत गरिमामय किरदार है। इसमें कोई लव एंगल नहीं है। ये चार लोगों की कहानी है जो आखिर में इन्हें दिखाती है। पिछले 8-10 महीनों में ही नहीं बल्कि कई साल बाद एक ऐसी कहानी मुझे मिली जिसके 30वें पेज तक पहुंचने के बाद ही मैंने इससे जुड़ना तय कर लिया। मैंने अभिषेक को फोन करके कहा, चाहे कोई हो साथ या नहीं, मैं ये फिल्म तुम्हारे साथ कर रही हूं।'
अपने किरदार के बारे में करीना कहती हैं, "फिल्म अभी शुरू नहीं हुई इसलिए मैं बहुत कुछ कहना नहीं चाहती लेकिन ये कोई डी ग्लैम रोल नहीं है लेकिन बहुत दमदार कहानी और रोल है। ये कहानी पंजाब में ड्रग के कारोबार और उसके खिलाफ लड़ाई से जुड़ी है।'