('मैंने प्यार किया' के सीन में सलमान खान और भाग्यश्री)
सलमान खान और भाग्यश्री स्टारर सुपरहिट फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ एक बार फिर रिलीज होगी। सूरज बड़जात्या की इस फिल्म को दिसंबर 2015 में फिर से रिलीज किया जाएगा।
करीब 25 साल पहले इसी फिल्म से
सलमान खान को लवर ब्वॉय की इमेज मिली थी और उन्हें बॉलीवुड में ड्रीम लॉन्च भी। 1989 में आई इस फिल्म ने सफलता के कई रिकॉर्ड्स बनाए थे। इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, फिल्म के मेकर्स दिसंबर 2015 में फिल्म को फिर से रिलीज करने की प्लानिंग कर रहे हैं। अगले साल फिल्म रिलीज की 25वीं वर्षगांठ भी है। फिल्म के क्लीयर प्रिंट्स निकाले जाएंगे।
रिलीज के अलावा इस मौके को सेलिब्रेट करने के लिए फिल्म से जुड़ी कुछ चीजें भी बेची जाएंगी। सूरज बड़जात्या और उनकी टीम ने इसकी प्लानिंग शुरू कर दी है। वहीं, सलमान सूरज की फिल्म ‘प्रेम रतन धन पायो’ की शूटिंग भी इन दिनों कर रहे हैं, जो अगले साल रिलीज होगी। इसे सलमान की नई फिल्म की प्रमोशनल स्ट्रैटजी के तौर पर भी देखा जा रहा है।