मुंबई. बॉलीवुड के किंग के नाम से फेमस अभिनेता शाहरुख खान ने 1960 की सुपरहिट फिल्म 'मुगल-ए-आजम' के दो मूल पोस्टर खरीदे हैं। उन्होंने ये पोस्टर शुक्रवार रात ओसियन की पुरानी और दुर्लभ चीजों की नीलामी के तहत पूरे 6.84 लाख रुपए खर्च कर खरीद हैं।
ऑक्शन हाउस की सीरीज 'ग्रेटेस्ट इंडियन शो ऑन अर्थ' के तहत शुक्रवार को 220 में से 163 चीजें 55.60 लाख रुपये में बिकीं। इनमें फिल्म 'श्री 420' में राजकपूर और नरगिस के छाते वाले सीन को शो करने वाली अपर्णा कौर की पेंटिंग सबसे महंगी बिकी। इस पेंटिंग का नाम था 'प्यार हुआ, इकरार हुआ' और इसके लिए सबसे ज्यादा बोली 7.5 लाख रुपए लगी। इसके अलावा 1962 की 'गंगा जामुना' पेंटिंग, जिसपर दिलीप कुमार के हस्ताक्षर थे, 2.16 लाख रुपए में बिकी। इसे एम मोरारका फाउंडेशन में खरीदा है।
नीलामी के आयोजकों की मानें तो सबसे ज्यादा पसनद दिलीप कुमार, देव आनंद, राज कपूर, नरगिस, मधुबाला और मीना कुमारी की यादों से जुड़ी रचनाओं को किया गया।