(फाइल फोटो- शिल्पा शेट्टी कुंद्रा)
मुंबई: शिल्पा शेट्टी कुंद्रा को अलग-अलग कारणों से लंदन और न्यू यॉर्क घूमने जाना बहुत पसंद है, लेकिन गोवा खासतौर पर इसलिए पसंद है, क्योंकि पति राज के साथ पहला वेलेंटाइन्स डे वहीं मनाया था जहां वे अपने पिता से झूठ बोलकर गई थीं।
ट्रैवलिंग का दूसरा नाम शिल्पा ने शॉपिंग को दिया है। वे बताती हैं, "जब भी घूमने की बात आती है तो शॉपिंग का ख्याल अपने आप ही दिमाग में जाता है।" जहां भी जाती हैं, शॉपिंग ज़रूर करती हैं। वैसे उनका फेवरेट शॉपिंग डेस्टिनेशन है लंदन, जहां वे अकसर जाती रहती हैं। बकौल शिल्पा, "शॉपिंग मेरे लिए रिटेल थैरेपी है। कोई भी टेंशन हो, शॉपिंग से दूर हो जाती है और इसके लिए मैं घूमने-फिरने का विकल्प चुनती हूं।' लंदन के कई डिजाइनर बुटीक से लेकर शॉपिंग मॉल्स तक के चक्कर वे लगा चुकी हैं।
शिल्पा को लंदन पसंद है, क्योंकि यहां उन्हें हर ब्रांड, हर डिजाइनर के कपड़े, एक्सेसरीज आसानी से मिल जाते हैं। इनके लिए भटकना नहीं पड़ता। उनकी कोशिश रहती है कि हर समर में वे एक बार लंदन ज़रूर होकर आएं। दरअसल इस दौरान वहां सेल बहुत अच्छी लगती है। यही वह समय होता है, जब वे सबसे ज्यादा शॉपिंग करती हैं। शॉपिंग के लिहाज से शिल्पा का दूसरा फेवरेट शहर है न्यू यॉर्क। यहां उन्हें लेटेस्ट ट्रेंड्स के ड्रेसेज, एक्सेसरीज के अलावा वह डिजाइनर कलेक्शन मिल जाता है, जो सीधे उस सीजन के इंटरनेशनल फैशन शोज में पेश किया गया हो। शिल्पा की अब तक की लग्जरी शॉपिंग में उनका फेवरेट है चैनल ब्रांड का ग्रे जंपसूट, जो 80 के दशक से प्रेरित है। यह उन्हें कंफर्टेबल लगता है, जिसे वे दिन या रात कभी भी पहन सकती हैं।
शॉपिंग के अलावा शिल्पा रोमांटिक हॉलिडे पर बाहर जाना पसंद करती हैं। इसके लिए उनकी फेवरेट डेस्टिनेशन है गाेवा। वे बताती हैं, "गाेवा से मेरे और राज (कुंद्रा) के प्यार की यादें जुड़ी हैं। यहीं पर हमने अपना पहला वेलेंटाइन्स डे सेलिब्रेट किया था। तब मैं अपने पापा से झूठ बोलकर गोवा गई थी, लेकिन एयरपोर्ट पर उतरते ही मीडिया ने घेर लिया और पापा ने मेरा झूठ पकड़ लिया।' इसके अलावा उन्हें गोवा के बीच, प्राकृतिक वातावरण और खाने के ठिकाने पसंद हैं। वे सीफूड पसंद करती हैं, जो यहां काफी अच्छा मिलता है।