'लुटेरा’ के बाद निर्देशक विक्रमादित्य मोटवाने 'भावेश जोशी’ बनाने वाले थे। इसके निर्माता धर्माप्रोडक्शंस के करण जौहर थे और कई नामों पर विचार करने के बाद बतौर हीरो
सिद्धार्थ मल्होत्रा को लिया गया था। लेकिन अब ये प्रोजेक्ट बंद हो गया है।
करण ने अप्रैल पश्चात की सिद्धार्थ की डेट्स इस फिल्म के लिए ले रखी थीं और नई परिस्थितियों में डेट ज़ाया करने के बजाय धर्मा की अन्य फिल्म में शिफ्ट कर दीं। इसका निर्देशन शकुन बत्रा करेंगे जो इससे पहले उन्हीं के बैनर के लिए "एक मैं और एक तू’ बना चुके हैं जिसमें
करीना कपूर खान और इमरान खान लीड रोल में थे। एक सूत्र ने बताया कि ये फिल्म दो हीरो वाली है।
उसके मुताबिक, "भावेश जोशी टलने के बाद अब सिद्धार्थ की अप्रैल बाद वाली डेट्स बची हुई हैं। दूसरे मेल लीड में
अर्जुन कपूर और
फवाद खान के नाम पर विचार हो रहा है। इन दोनों में से ये रोल अर्जुन को मिल सकता है। फीमेल लीड में
आलिया के नाम पर विचार हो रहा है।’
बताया जा रहा है कि ये फिल्म दो भाइयों के बारे में है जो एक अजीब फैमिली का हिस्सा हैं। इनमें से एक समलैंगिक है। सूत्र ने बताया, "फिल्म में सिद्धार्थ का रोल शानदार है। उन्हें बतौर अभिनेता अपने कई पहलू दिखाने का अवसर मिलेगा।
ये कहानी एक वीकेंड के दौरान घटती है जहां उनका पूरा परिवार घूमने निकला है और हंसी-खेल के बीच दोनों में से एक भाई अपने लैंगिक झुकाव को जाहिर करता है।’