लुटेरी दुल्हन की भूमिका निभा रहीं सोनम कपूर का फिलहाल शादी का इरादा नहीं है। मुंबई में शुक्रवार को हुए 'डॉली की डोली’ के ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में उन्होंने बताया, 'डोली तो फिलहाल डॉली की ही जाने दीजिए मुझे एक्टिंग करनी है। आगे जाकर फिल्मों का निर्माण भी करना है।’ उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी जिंदगी में कोई लवर नहीं है। बोलीं, 'सिंगल हूं और खुश हूं। फिलहाल और इरादा है भी नहीं। इंडिया में अच्छे लड़के जरूर हैं लेकिन सलेक्ट करने में दिक्कत है। मैं उन्हें लेकर जरा कनफ्यूज हो जाती हूं।’ कॉमेडी की मुरीद सोनम फिल्म में हंसाएंगी। इसमें उनके आठ से ज्यादा लुक हैं। एक मोंटाज के लिए 60 लुक धरे। बोलीं, 'किसी भी एक्टर को ऐसा मौका कम ही मिलता है।’ अपने किरदार की तरह डॉली नाम वाली लड़कियों के लिए उनका कहना था कि जिंदगी खुलकर जिएं।
निर्माता अरबाज खान और मलाइका की शादी की सालगिरह पर लॉन्च हुए ट्रेलर के मौके पर पिता सलीम खान भी मौजूद थे। वे बेटे की तारीफ में बोले, 'अरबाज इंडस्ट्री में आए थे तभी से सबको सपोर्ट करते थे इसलिए सपोर्टिंग एक्टर बन गए। लेकिन इस फिल्म में हमने उन्हें जरा भी सपोर्ट नहीं किया। उन्होंने अपने दम पर फिल्म बनाई है।’
अरबाज ने बताया कि फिल्म की कहानी उन्होंने पिता से मंजूर करवाई। क्लाइमैक्स में सलीम खान ने बदलाव किए। वे बोले, 'जो लोग डैडी के अंदाज से वाकिफ हैं वे उनकी दी हुई उस कौड़ी की पहचान जरूर कर लेंगे।’ उन्होंने कहा कि फिल्म में कोई मैसेज नहीं बस मनोरंजन है। ऐसी वैल्यू हैं जिन से हर परिवार जुड़ा महसूस करेगा। उनकी फिल्म के साथ 23 जनवरी को
अक्षय कुमार की 'बेबी’ भी रिलीज हो रही है। इस पर बोले, '52 हफ्तों में कई फिल्में साथ आती हैं। हमारी और उनकी फिल्म के दर्शक अलग हैं, दोनों ही अच्छी हैं।’
फिल्म में राजकुमार राव के साथ आइटम सॉन्ग करने वाली मलाइका ने कहा, 'मुझे पता न था कि वे डांस भी कर सकते हैं। उन्होंने मुझसे पहले स्टेप्स सीख लिए।’ मलाइका को फिल्म में लेने के सवाल पर अरबाज ने बताया, 'मैं निर्माता हूं। रिसर्च के बाद ही एक्टर्स को लेता हूं। उन्हें भी सोचकर ही लिया। पता नहीं अगली फिल्म में होंगी कि नहीं।’ राजकुमार पर बोले कि वे पहले से उनके जेहन में थे।
अरबाज ने कहा कि कहानी पूरी होते ही डॉली के रोल में सोनम उन्हें परफैक्ट लगीं। उनके अंदाज में बचपना और हाजिरजवाबी है। सोनम ने कहा कि अरबाज उनके पसंदीदा और अब तक के सबसे अच्छे निर्माता हैं।