जैसा हमने अपने रिव्यू में बताया था कि "बेबी’ के क्लाइमैक्स ने उसकी सीक्वल का अंदाजा दे दिया था। और अब फिल्म बननी तय है। फिल्म के निर्माता भूषण कुमार ने कहा है कि सीक्वल मूल फिल्म से भी बेहतर होगी। निर्देशक नीरज पांडे इसकी शूटिंग 2016 से शुरू करेंगे। इससे पहले उन्हें "एमएस धोनी’ बनानी है जो क्रिकेटर धोनी की बायोपिक होगी और जिसमें सुशांत सिंह राजपूत लीड रोल में हैं।
"बेबी-2’ की रिलीज 26 जनवरी 2017 में तय बताई जा रही है। शूटिंग शेड्यूल के लिहाज से तारीख में बदलाव भी हो सकता है। इस दौरान अक्षय भी अपने मौजूदा प्रोजेक्ट शूट करेंगे।
पिछले महीने रिलीज हुई "बेबी’ की कहानी एक अंडरकवर एजेंट की थी जो भारत में फैल रहे आतंकवाद को रोकने की कोशिश करता है। उसके सरकारी गुप्तचर समूह का नाम बेबी है। नीरज पांडे के मुताबिक सीक्वल की कहानी उनके जेहन में पहले से थी।
मूल फिल्म से अंदाजा लगाएं तो "बेबी-2’ में इस गुप्तचर संस्था का नाम कुछ और रखा जा सकता है। इसमें अन्य भूमिकाओं में अनुपम खेर, तापसी पन्नू, मधुरिमा तुली, राणा दग्गुबाती भी थे।