(अभिनेत्री और टीवी शो जज अर्चना पूरन सिंह)
मुंबईः टेलीविजन पर हंसी के मामले में नवजोत सिंह सिद्धू और अर्चना पूरन सिंह ने अलग ही पहचान बनाई है। सिर्फ हंसी के दम पर अपनी पहचान बनाना कोई आम बात नहीं है, लेकिन अर्चना की हंसी आम से खास बन चुकी है। उनकी हंसी ने ही टीवी पर नई पारी खेलने का मौका दिया है। जब भी टीवी से 'हा हा हा...हा हाहा...हा हाहा हाहाहा' कुछ इस तरह की आवाज जोर-जोर से आती हैं, तो अर्चना का नाम जेहन में आ जाता है।
1982 में बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली अर्चना आज 52वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही हैं। अर्चना की हंसी का ही कमाल है कि वो आज भी फिल्मों में छोटे-मोटे रोल करती दिख जाती हैं। अर्चना 18 साल की उम्र में देहरादून से मुंबई ढेर सारे सपने संजोकर आई थीं, लेकिन उन्हें कामयाब होने के लिए 8 साल का कड़ा संघर्ष करना पड़ा। हालांकि, अब वो टीवी पर बतौर कॉमेडी जज काफी सफल हो चुकीं हैं और उन्हें लाफ्टर क्वीन का नया नाम मिल चुका है।
नसीरुद्दीन शाह के साथ मिली थी सफलता
अर्चना को 1987 में नसीरुद्दीन शाह के साथ फिल्म 'जलवा' से बड़ी सफलता मिली। ये फिल्म बड़ी हिट साबित हुई। इसके बाद भी डायरेक्टर्स और प्रोड्यूसर्स ने उनको ज्यादा तवज्जो नहीं दी। उनकी डेब्यू मूवी 'निकाह' (1982) थी। अर्चना को जब फिल्में नहीं मिलीं तो उन्होंने बी-ग्रेड फिल्मों का सहारा लिया। कई फिल्मों में उन्हें बोल्ड सीन्स करने पड़े। हालांकि, बाद में उन्होंने 'अग्निपथ', 'सौदागर', 'शोला और शबनम', 'राजा हिंदुस्तानी' जैसी कई कामयाब फिल्मों में छोटे किरदार निभाए। फिल्मों में अर्चना ने कई आइटम नंबर भी किए हैं। उन्होंने
गोविंदा की फिल्म 'बाज' और सुनील शेट्टी की 'जज मुजरिम' में आइटम सॉन्ग किए। वो 'मोहब्बतें', 'कृष', 'कुछ कुछ होता है', 'मस्ती', 'बोल बच्चन' जैसी फिल्मों में भी अभिनय कर चुकी हैं।
छोटे पर्दे पर कामयाब
अर्चना ने कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया, लेकिन बतौर लीड एक्ट्रेस वो कुछ खास नहीं कर सकीं। ऐसे में उन्होंने 1993 में 'वाह, क्या सीन है' से छोटे पर्दे पर डेब्यू किया। ये प्रोग्राम काफी सफल रहा। इसके बाद उन्होंने 'जाने भी दो पारो', 'श्रीमान श्रीमती', 'अर्चना टॉकीज' जैसे सफल प्रोग्राम किए। साल 2005 में डांस रियलिटी शो 'नच बलिए' में अर्चना अपने पति परमीत शेट्टी के साथ दिखाई दीं। 2006 में उन्होंने 'झलक दिखला जा' को होस्ट किया। इसी साल वो
सोनी पर आने वाले कॉमेडी शो 'कॉमेडी सर्कस' की जज बनीं। इस शो पर उन्होंने छोटे पर्दे पर कामयाबी की नई इबारत लिख दी। शो में अर्चना का अंदाज खासकर हंसने की तरीका लोगों को काफी पंसद आया।
आगे देखें लाफ्टर क्वीन अर्चना पूरन सिंह की चुनिंदा तस्वीरें...