पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Rakesh Roshan Will Be Produce Aishwarya Rai's 'Jazbaa'

ऐश्वर्या राय की 'जज्बा' को नहीं मिल रहा निर्माता, बच्चन बहू बनेंगी वकील

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मुंबई. इस साल कान फिल्म फेस्ट में संजय गुप्ता ने ऐश्वर्या राय बच्चन स्टारर "जज़्बा' की घोषणा की। इसमें ऐेश्वर्या एक वकील और इरफान खान एक निलंबित पुलिसकर्मी की भूमिका में है। जॉन अब्राहम और शबाना आजमी भी फिल्म में तय बताए जाते हैं। मनोज बाजपेयी का होना अभी तय नहीं।
फिल्म की शूटिंग जनवरी, 2015 से शुरू होनी थी लेकिन निर्देशक संजय गुप्ता को अब तक किसी स्टूडियो का साथ नहीं मिल पाया है। बॉक्स ऑफिस पर लगातार पिट रही फिल्मों के कारण प्रमुख स्टूडियो किसी बड़ी फिल्म से यूं नहीं जुड़ रहे। ज्यादातर स्टूडियो ने तो फिल्में खरीदनी ही बंद कर रखी हैं।
ऐसे में गुप्ता ने पिछले दिनों अपनी इस डार्क थ्रिलर की कहानी राकेश रोशन को सुनाई। उन्हें 'जज़्बा' की कहानी बेहद पसंद आई लेकिन दो-तीन मुद्दों के चलते उन्होंने फैसला नहीं लिया है। रोशन ने 1987 में फिल्म 'ख़ुदगर्ज' से निर्देशन शुरू किया। तब से ही वे बाहरी निर्देशकों से अपने बैनर की फिल्में नहीं बनवाते। सिर्फ 'क्रेजी 4' (2008) और "काइट्स' (2010) ही अपवाद रही हैं।
चूंकि 'जज़्बा' का निर्देशन संजय गुप्ता ही करेंगे तो रोशन असमंजस में हैं कि बाहरी निर्देशक संग काम करें कि नहीं? वे पहले भी ऐसे कई ऑफर ठुकरा चुके हैं। वे खुद भी तीन-चार साल में एक फिल्म का निर्देशन करते हैं। लेकिन सूत्रों की मानें तो गुप्ता की कहानी रोशन को पसंद आई है और वे अपने बैनर तले इसे प्रोड्यूस करने का मन बना रहे हैं।

उन्होंने अंतिम जवाब देने के लिए गुप्ता से एक महीने का वक्त मांगा है। रोशन को फिल्म का बजट 35 करोड़ और प्रिंट प्रचार लागत 15 करोड़ रुपए बताई गई है। कुल 50 करोड़ की इस लागत से वे सहमत नहीं हैं। चूंकि बाजार में तेजी नहीं है इसलिए वे बजट में संशोधन चाहते हैं। अगर ऐसा होता है तो बात आगे बढ़ेगी। सूत्रों के हवाले से आई इस खबर से उद्योग में उम्मीद जग रही है कि 'जज़्बा' एक अच्छी फिल्म साबित हो सकती है। क्योंकि संजय गुप्ता तकनीक, तो राकेश रोशन कहानियों की समझ रखते हैं। रोशन फिल्मों को बड़े कैनवास पर लाने की योग्यता रखते हैं। 'जज़्बा'को दक्षिण कोरियाई फिल्म 'सेवन डेज़' से प्रेरित बताया जा रहा है। गुप्ता कह चुके हैं कि उन्होंने एक फिल्म के रीमेक अधिकार खरीदे हैं पर उसका नाम नहीं बताया।