फिल्म प्रेमियों ने साल 1995 में रिलीज 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' (डीडीएलजे) को इंडियन सिनेमा के पिछले 100 वर्षों के इतिहास की सबसे पसंदीदा फिल्म चुना है। भारतीय फिल्मों के लिए इंग्लैंड की सबसे बड़ी पे पर व्यू (पीपीवी) सेवा प्रदाता सोनाना ने एक ऑनलाइन पोल आयोजित किया था, जिसमें लोगों ने 'डीडीएलजे' को सबसे पसंदीदा फिल्म चुना।
भारतीय फिल्म उद्योग के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ऑनलाइन मतदान में सिनेप्रेमियों ने फेसबुक और ट्विटर जैसी सोशल नेटवर्किंग साइट, ई-मेल और मूवी पोर्टल के जरिए अपना मत दिया। शाहरुख खान और काजोल की मुख्य भूमिकाओं वाली सफल रोमांटिक कॉमेडी डीडीएलजे को 47 फीसदी वोट मिले।
बॉलीवुड के महान फिल्मकार यश चोपड़ा के बेटे आदित्य चोपड़ा के निर्देशन में बनी यह फिल्म राज कपूर की ‘आवारा’ (1951), महबूब खान की ‘मदर इंडिया’ (1957) और रमेश सिप्पी की ‘शोले’ (1975) जैसी 10 सदाबहार और बेहतरीन फिल्मों को पीछे छोड़कर सबसे पसंदीदा फिल्म बनी है।
बॉलीवुड दुनिया की सबसे बड़ी फिल्म इंडस्ट्री की श्रेणी में शामिल है। जहां भारतीय सिनेमा के शुरूआती वर्षों में यहां प्रतिवर्ष बनने वाली फिल्मों का आंकड़ा 200 था, वह आज बढ़कर 1000 पार कर चुका है। देश-दुनिया के मनोरंजन के लिए हर साल अरबों रुपए लागत की हजारों फिल्में बनाने वाले बॉलीवुड से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें भी हैं, जो कहीं न कहीं आम दर्शकों को मालूम नहीं चलती।
भारतीय सिनेमा के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दैनिकभास्कर.कॉम आपको बता रहा है बॉलीवुड और इसके सितारों से जुड़ी पर्दे के पीछे की कुछ दिलचस्प बातें...