(अभिनेत्री शबाना आजमी और पति जावेद अख्तर)
मुंबईः बॉलीवुड में फिल्म 'अंकुर' (1974) से डेब्यू करने वाली अभिनेत्री शबाना आजमी आज 64 साल की हो गईं। शबाना के फिल्मी करियर की बड़ी पहचान रिकॉर्ड पांच बार बेस्ट अभिनेत्री के लिए नेशनल अवॉर्ड और चार फिल्मफेयर अवॉर्ड जीतना रहा है। फिल्म इंडस्ट्री में अब एक्का-दुक्का फिल्म करने वाली शबाना 70, 80 और 90 के दशक में इंडस्ट्री में छाई रहीं। वो फिल्मों में आने से पहले साइकोलॉजी में ग्रैजुएशन की डिग्री हासिल कर चुकी थीं। फिल्मों के साथ शबाना अनिल कपूर के टीवी जासूसी शो '24' में भी काम कर चुकी हैं।
वैसे शबाना की दूसरी पहचान गीतकार जावेद अख्तर की पत्नी के तौर पर भी है। जावेद अख्तर और शबाना आजमी की जोड़ी बॉलीवुड की खास जोड़ियों में गिनी जाती है, लेकिन ये बात बहुत कम लोग जानते हैं कि शादी से पहले शबाना का नाम फिल्म निर्देशक शेखर कपूर के साथ भी जुड़ा था। शबाना ने जब जावेद संग शादी की बात माता-पिता को बताई तो वो राजी नहीं हुए थे। उनका कहना था कि जावेद पहले से शादीशुदा हैं और उनके दो बच्चे भी हैं। हालांकि, बाद में जावेद ने अपनी पहली पत्नी हनी ईरानी को तलाक दे दिया और शबाना की शादी उनसे हो गई।
एक्टिंग के लिए हर तरह के रोल किए
ये बात भी कम लोग जानते हैं कि अभिनेत्री तब्बू शबाना आजमी की भतीजी हैं। शबाना की अपनी कोई संतान नहीं है। करियर के शुरुआती दौर में शबाना के उभरे हुए दांतों को लेकर कई मैगजीन मजाक उड़ाती थीं, लेकिन महेश भट्ट के हौसला बढ़ाने के बाद उन्होंने अपनी हंसी को छिपाना बंद कर दिया। शबाना बॉलीवुड की ऐसी एक्ट्रेस हैं जिन्होंने 'वाटर' फिल्म के लिए अपना सिर मुंडवाया लिया था। इतना ही नहीं समलैंगिकता पर बनीं दीपा मेहता की फिल्म 'फायर' में उन्होंने नंदिता दास के साथ कई बोल्ड सीन्स भी दिए थे।
शबाना आजमी ने नरेंद्र मोदी का प्रधानमंत्री बनने से पहले खुलकर विरोध किया था। उनका कहना था कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी करनी पर तनिक भी शर्मिंदगी नहीं है। उनके नाम से अभी तक गोधरा दंगों का दाग नहीं धुला और जिसे अमेरिका ने भी वीजा देने से इनकार कर दिया है। ऐसे में वो देश के प्रधानमंत्री के पद के लिए अच्छा उम्मीदवार कैसे हो सकते हैं?
आगे की स्लाइड्स पर देखें शबाना आजमी की चुनिंदा तस्वीरें...