फिल्म ‘रांझणा’ में साउथ के सुपर स्टार धनुष के साथ आ रहीं सोनम कपूर उनके व्यक्तित्व से खासी प्रभावित हैं। उन्हें धनुष बहुत ही सहज, सरल, सीधे और ईमानदार लगे। इतना ही नहीं, वे अपने मिस्टर राइट में भी इन्हीं खूबियों की चाह रखती हैं। हालांकि गॉसिप से बचने के लिए वे यह भी कह रही हैं कि धनुष शादीशुदा हैं और अपने मिस्टर राइट की डिटेलिंग में उनका नाम जोड़ना ठीक नहीं।
एक खास बातचीत में सोनम ने बताया कि अब तक मिले प्यार के सैकड़ों इजहारों में से उन्हें स्कूली दिनों का एक प्रपोजल याद है, जिसमें उनके एक दोस्त ने खून से लिखे खत के साथ प्रपोज किया था। इन बचकानी बातों के बीच सोनम को धनुष एक समझदार व्यक्तित्व लगते हैं। वहीं, धनुष खुद को कमतर मानते हैं। उनका कहना है कि उनकी पत्नी ऐश्वर्या रजनीकांत उन्हें परफेक्ट नहीं मानतीं। इसलिए वे आज भी अपनी पत्नी को इम्प्रेस करने में जुटे हैं।