पिछले 20 सालों से पड़ोसी होने के बावजूद अनजान-सा व्यवहार रखने वाले सनी देओल और आदित्य चोपड़ा एक बार फिर दोस्त बनने वाले हैं। लगभग 20 साल पहले फिल्म ‘डर’ के निर्माण के समय सनी ने खुद को उपेक्षित-सा महसूस किया था। इसलिए फिल्म हिट होने के बावजूद उन्होंने आदित्य चोपड़ा से दूरियां बढ़ा ली। हालांकि छोटे भाई बॉबी देओल और आदित्य कुछ कॉमन फ्रेंड्स के साथ नियमित रूप से क्रिकेट खेलते हैं। इसी दोस्ती की वजह से बॉबी यशराज बैनर की फिल्मों में नजर आते रहे हैं।
खबर है कि अब सनी भी सारी कड़वाहट भुलाकर दोस्ती का हाथ बढ़ाने को तैयार हैं। शायद यही वजह है कि उनकी फिल्म ‘यमला पगला दीवाना 2’ के संगीत अधिकार आदित्य की कंपनी को मिले हैं। वहीं, क्रिकेट ग्रुप के कॉमन फ्रेंड्स कोशिश कर रहे हैं कि सनी अपने बेटे रॉकी को यशराज फिल्म में लॉन्च करने की अनुमति दें। देओल परिवार ने एक खास बातचीत में कहा है कि रॉकी की लॉन्चिंग पर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है।