न्यूयॉर्क शहर का आसमान इससे पहले सुपरहीरो फिल्मों में ही नजर आता रहा है, लेकिन अब जोसेफ गॉर्डन लेविट अपनी एक आने वाली फिल्म में इस आसमान से लोहा लेंगे। 'रीच द क्लाउड्स' में वे बिना मकड़ी के जालों, अत्याधुनिक सूट, म्यूटेशन या परलौकिक शक्तियों के आसमान में चलने का करतब करेंगे। इस फिल्म का निर्देशन रॉबर्ट जेमेकिस (इनसेट) कर रहे हैं जो फ्रेंच हाई-वायर वॉकर फिलिप पेतीत के बारे में है।
रस्सियों पर चलने का करतब करने वाले दिग्गज कलाकार फिलिप को 1974 में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की दो इमारतों के बीच चलने की बहु-चर्चित घटना के लिए सबसे ज्यादा याद किया जाता है। जोसेफ और रॉबर्ट की फिल्म 'टु रीच...' फिलिप की इसी नाम से लिखी किताब पर आधारित होगी। फिलिप ने वर्ल्ड ट्रेड की जुड़वा इमारतों के बीच चलने के स्टंट के लिए छह साल तैयारी की थी।
फिर 1974 में 7 अगस्त की सुबह वे दक्षिणी टावर से निकले और स्टील की केबल पर चढ़ गए और उत्तरी इमारत की ओर बढऩे लगे, जमीन से 1,350 फुट ऊपर। अगला एक घंटा उन्होंने रस्सी पर ही बिताया। चूंकि वे इस स्टंट को बिना आधिकारिक मंजूरी के कर रहे थे इसलिए उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस तैयार खड़ी थी।
हालांकि उनके इस करतब ने लोगों का भारा सकारात्मक आकर्षण जुटाया। बाद में उनके खिलाफ सभी कानूनी धाराएं वापस ले ली गईं। निर्देशक रॉबर्ट 'टु रीच द क्लाउड्स' 2011 से ही बनाना चाह रहे थे। मगर उन्होंने इस बारे में तब से कोई बात नहीं की थी। उन्होंने फिल्म को 3डी में रिलीज करने की बात जरूर कही थी। 2012 में उन्होंने डेंजल वॉशिंगटन स्टारर 'फ्लाइट' रिलीज की।
उसके बाद वे दो और फिल्मों से जुड़े। अब जोसेफ के जुडऩे से जाहिर हो गया है कि फिल्म को लेकर वे गंभीर हैं। हालांकि ये स्पष्ट नहीं कि ये उनकी अगली फिल्म होगी। वहीं 'द डार्क नाइट राइजेज' और '50/50' जैसी फिल्मों में दिख चुके जोसेफ की अगली फिल्म 'सिन सिटी: अ डेम टु किल फॉर' होगी जो इस साल के आखिर में आएगी। इसके अलावा वे वॉर्नर ब्रदर्स की सुपरहीरो फिल्म 'द सैंडमैन' भी कर रहे हैं।