जर्मनी के शहर म्यूनिख में शनिवार से अक्टूबर फेस्ट बियर फेस्टिवल शुरू हो गया। दुनिया के सबसे बड़े इस बियर फेस्ट में हर साल करीब 60 लाख लोग हिस्सा लेते हैं। 16 दिनों तक चलने वाले इस फेस्टिवल की शुरुआत 1810 में हुई थी। पहले इसका आयोजन हर चार साल बाद होता था, लेकिन 1850 के बाद इसे हर साल आयोजित किया जाने लगा।
इसमें कई किस्मों की बियर पेश की जाती हैं। फेस्टिवल का अंतिम दिन अक्टूबर महीने का पहला रविवार होता है और अगर यह रविवार 3 अक्टूबर यानी जर्मन यूनिटी डे से पहले आए तो फेस्टिवल तीन तारीख तक चलता है। इसमें यहां के पारंपरिक बावरियन कल्चर की झलक देखने को मिलती है।
बता दें कि अक्टूबर फेस्ट नाम का यह कार्निवाल एक शाही शादी के साथ शुरू हुआ था। म्यूनिख में हुई यह शादी इतनी ज्यादा प्रसिद्ध हुई कि हर साल उसकी पार्टी होने लगी। 2010 में यह 200वीं एनिवर्सरी भी मना चुका है।
इस फेस्टिवल में मैरी-गो-राउंड झूला लगाया गया है। यह दुनिया का संभवत: सबसे बड़ा झूला है।