(एंडीज फ्लाइट डिसास्टर के बाद बचे लोग)
इतिहास में ऐसी कई बड़ी दुर्घटनाएं घटित हुई हैं, जिसमें लोगों को जिंदा रहने के लिए कई विषम परिस्थितियों का सामना करना पड़ा है। ऐसा ही एक हादसा सन् 1972 में एंडीज के पहाड़ों के बीच हुआ था, जिसमें जिंदा बचे लोगों को उन बर्फीले पहाड़ियों में 72 दिनों तक बिना भोजन के रहना पड़ा था। इतिहास में ये दुर्घटना 'मिरेकल ऑफ एंडीज' और 'एंडीज फ्लाइट डिसास्टर' के रुप में प्रसिद्ध है। यह दर्दनाक हादसा 13 अक्टूबर 1972 को हुआ था और इसका शिकार उरुग्वे के ओल्ड क्रिश्चियन क्लब की रग्बी टीम हुई थी।
बता दें कि उरुग्वे एयरफोर्स का प्लेन टीम के खिलाड़ियों व अधिकारियों के साथ उनके परिवार व मित्रों को लेकर एंडीज पर्वत के ऊपर से गुजर रहा था। प्लेन में कुल 45 लोग सवार थे। उड़ान भरने के साथ ही मौसम खराब होने लगा, जिससे पायलट को बर्फीले पहाड़ नजर नहीं आए। ऐसे में 14 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा प्लेन सीधे एंडीज पर्वत से टकरा गया।
14 लोग बचे थे जिंदा
एंडीज से टकराने के बाद फ्लाइट के ज्यादातर लोगों की मौत हो गई थी, सिर्फ 27 लोग जिंदा बचे थे। उन्हें भी बचने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही थी। ऐसे में रग्बी टीम के दो खिलाड़ियों नंदो पैराडो और रॉबर्ट कैनेसा ने हार नहीं मानी और अपने हौसले से न सिर्फ खुद को बचाया, बल्कि 14 अन्य लोगों को भी बचाने में सफलता हासिल की।
डेड बॉडी खाकर बचाई जिंदगी
हादसे की जानकारी मिलते ही उरुग्वे की सरकार ने सक्रियता दिखाई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। लेकिन प्लेन का रंग सफेद होने के कारण बर्फ से ढके सफेद एंडीज पर उसे ढूंढ पाना बेहद मुश्किल था। ऐसे में 11वें दिन रेस्क्यू ऑपरेशन बंद कर दिया गया। इसके बाद यहां फंसे लोगों की जिंदगी और मुश्किल होती चली गई। बचे लोगों ने शुरुआत में उपलब्ध भोजन को छोटे-छोटे हिस्सों में बांट लिया, लेकिन जब ये समाप्त हो गए तब इन लोगों ने अपने ही साथियों की लाश के टुकड़े को खाना शुरू कर दिया।
आखिर मिल ही गई सफलता
एंडीज के पहाड़ों पर फंसे ज्यादातर लोग जहां मौत का इंतजार कर रहे थे, वहीं नंदो पैराडो और रॉबर्ट कैनेसा ने मदद तलाशने के लिए निकल पड़े। कमजोर होने के बावजूद इन लोगों ने गजब का साहस दिखाते हुए 12 दिनों तक ट्रैकिंग की और चिली के आबादी वाले क्षेत्र तक पहुंच गए जहां दोनों ने रेस्क्यू टीम को अपने साथियों की लोकेशन बताई। इस तरह इन दोनों खिलाड़ियों ने न सिर्फ खुद की जिंदगी बचाई, बल्कि अपने साथियों के लिए भी फरिश्ते साबित हुए।
आगे की स्लाइड्स में देखें इस दुर्घटना से जुड़े कुछ और फोटोज...