(आर्य बब्बर और करिश्मा तन्ना)
मुंबई. '
बिग बॉस' के घर में तीसरे दिन सीक्रेट सोसाइटी के सदस्यों के रहस्य से पर्दा उठ गया। ये सदस्य फिल्म-टीवी एक्टर और डायरेक्टर पुनीत इस्सर, टीवी एक्ट्रेस दीपशिखा नागपाल और आरजे प्रीतम प्यारे हैं। इधर डिआंड्रा और गौतम के प्यार का जहाज समंदर में अठखेलियां करते हुए आगे बढ़ रहा है और उधर आर्य बब्बर और करिश्मा तन्ना अपने पासे फेंक रहे हैं।
शुरुआत में प्रनीत बिना कपड़ों के परेशान दिखे तो शो के आगे बढऩे के साथ ही कई सहूलियतें भी 'बिग बॉस' के सदस्यों को मिली। सीक्रेट सोसाइटी ने घर के सदस्यों के लिए किचन की सहूलियतें दी, तो साथ ही गुस्सा और खेमेबंदी भी चालू होने लगी। कुल मिलाकर दर्शकों के लिए 'बिग बॉस' की थाली में प्यार, इमोशंश, दोस्ती (अभी तक), चालाकी, गुस्सा, गेम और जीतने की जद्दोजहद समेत सभी डिशेज मौजूद हैं। आज के एपिसोड्स को देखकर हमारी ओर से 5 में से 3 स्टार... आइए नजर डालते हैं कटेंस्टेंट की तीसरे दिन की एक्टिविटीज पर...
'क्यूटहार्ट' और 'स्वीटहार्ट' का रोमांस
'बिग बॉस' के घर तीसरे दिन डिआंड्रा और गौतम गुलाटी के प्यार का जहाज अपनी जर्नी पर थोड़ा और आगे बढ़ गया है। दोनों शो में अभी तक पहले ऐसे कपल हैं जो खुल्लमखुल्ला प्यार की पींगे बढ़ा रहे हैं, लेकिन गौतम की एक्टिविटी लंबे समय तक टिकने के लिए दूसरों का ध्यान बंटाने वाली भी साबित हो सकती हैं। गौतम और उपेन की बातचीत तो ऐसा ही इशारा करती है। बहरहाल फिलहाल तो 'क्यूटहार्ट' और 'स्वीटहार्ट' दोनों ही दर्शकों का मनोरंजन तो कर ही रहे हैं।
आर्य बब्बर और करिश्मा ही नहीं और भी हैं छुपे रुस्तम
एपिसोड्स के पहले और दूसरे दिन जहां आर्य बब्बर और करिश्मा तन्ना ही सबसे ज्यादा चालाक नजर आ रहे थे, वहीं तीसरे दिन गौतम गुलाटी ने भी बातों-बातों में अपने इरादे जाहिर कर दिए। मिनिषा लांबा और डिआंड्रा भी रंग दिखाने लगी हैं। इधर
सोनी सिंह भी दोस्ती का राग अलापते-अलापते अभी लोगों को समझ रही है। तीसरे दिन नताशा, सुशांत और सोनाली राउत हालांकि खामोश दिखे, लेकिन अंदर की कौन जानें।
किंग/क्वीन ऑफ चालूगिरी
आर्य बब्बर पहले दिन से ही शो में चालूगिरी की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं, लेकिन जिस ढंग से करिश्मा तन्ना तीसरे दिन सबकी बॉस बनी नजर आई और जिस तरह से उपेन पटेल ने बिजनेस क्लास में अपनी जगह सुकृति को नॉमिनेट किया, उसे देखकर तो किंग/क्वीन ऑफ चालूगिरी का सेहरा किसी एक के सिर बांधना थोड़ा मुश्किल है। शकुनी मामा और आर्य बब्बर के बीच भी छन रही है। ओवरऑल परफॉरमेंस को देखते हुए हमारी तरफ से यह खिताब करिश्मा तन्ना को दिया जा रहा है। आर्य बब्बर और करिश्मा तन्ना मोहरे तो बिछा ही रहे हैं, भले ही अभी दोनों साथ में हों।
एंग्री बुल: किसी को भी सींग मार दे
गौतम निश्चित रूप से शो में आगे खुलकर पंगेबाजी करने वाले हैं। गौतम का एटीट्यूड और खुद को सही साबित करने के तरीकों को देखकर तो लगता है कि वह आगे भी शो में लोगों को सींग मारते रहेंगे। करिश्मा तन्ना और मिनिषा लांबा भले ही गौतम के एंग्री बुल बनने की राह में रोड़ा हैं, लेकिन कम से कम तीसरे दिन किचन में गौतम की अडंगेबाजी को देखकर तो वही एंग्री बुल के दावेदार हैं।
साइलेंट प्लेयर: गुपचुप-गुपचुप गेम
'बिग बॉस' के घर में कई साइलेंट प्लेयर भी हैं। मिनिषा लांबा ने खामोशी का चोला हटाना शुरू कर दिया, लेकिन सोनाली राउत, नताशा,
सोनी सिंह, सुकृति और उपेन पटेल के पत्ते अभी ठीक ढंग से खुले नहीं हैं। इन प्लेयर्स का अगला पैंतरा आने वाले दिनों में अच्छे से पता चल जाएगा।
सीक्रेट सोसाइटी के सदस्य की एंट्री के बाद क्या होगा
सीक्रेट सोसाइटी के सदस्य अभी भले ही सबकी एक्टिविटीज देख रहे हों और अभी उनके मन में एक-दूसरे के प्रति कोई मतभेद ना हो, लेकिन जब वह भी प्रत्यक्ष तौर पर गेम खेलने उतरेंगे तब क्या होगा? सीक्रेट सोसाइटी के सदस्य बाकी सदस्यों को बाहर से देख रहे हैं और जब वो भी खेल में होंगे तो गेम और रोचक हो जाएगा। कईयों की पोल खुलेगी और नए गुट बनेंगे, फिलहाल तो दो-तीन गुट सक्रिय हो ही गए हैं।
सबसे बड़ा ड्रामेबाज
हमें लगता है कि आज के एपिसोड्स को देखकर आपको सबसे बड़ा ड्रामेबाज प्रनीत उर्फ शकुनी मामा तो कतई नहीं लगे होंगे। 90 घंटे बाद शकुनी मामा ने अपने अंडरगारमेंट ही तो मांगे ना, फिर इसमें ड्रामा कहां से....तो फिर क्या वह उपेन पटेल है, जो कुर्बानियों का देवता बनने की राह पर हैं या फिर रोमांस का जादू बिखेर रहे गौतम गुलाटी...! नहीं ना। हमें भी ऐसा ही लगता है, लेकिन मुकाबला कड़ा है आर्य बब्बर, करिश्मा तन्ना और अब डिआंड्रा भी इस रेस में हैं। आप अपना जवाब हमें भेज दीजिए कमेंट बॉक्स में साथ ही बताएं कि कैसा लगा आपको आज का एपिसोड और इसे 5 में से आपने दिए कितने स्टार...