(फाइल फोटो : इमाम सिद्दिकी)
मुंबई. कलर्स टीवी पर प्रसारित होने वाले रियल्टी टीवी शो'
बिग बॉस' का सीजन-8 रविवार से शुरू हो गया है। फैशन स्टाइलिस्ट और टीवी पर्सनैलिटी इमाम सिद्दिकी इस शो के लिए dainikbhaskar.com के सेलेब्रिटी एक्सपर्ट होंगे। इमाम कार्यक्रम पर अपनी राय जाहिर करेंगे। वह 'घर में क्या हुआ' से लेकर 'कौन कितने पानी में है' जैसे सवालों का जवाब देंगे। इसके अलावा, शो में हिस्सा लेने वाले हर प्रतिभागी की रणनीति को समझने में भी मदद करेंगे। बता दें कि इमाम बिग बॉस के सीजन-6 में सुर्खियां बटोर चुके हैं।
कई उपलब्धियां हैं इमाम के नाम
इमाम को लोग एक्टर, कास्टिंग डायरेक्टर, कोरियोग्राफर और एंटरटेनर के तौर पर भी जानते हैं। एक फैशन डिजाइनर और स्टाइलिस्ट के तौर पर इमाम पूर्व मिस वर्ल्ड
ऐश्वर्या राय बच्चन और
प्रियंका चोपड़ा, पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन के लिए काम चुके हैं।वह मशहूर संगीतकार ए आर रहमान के सॉन्ग 'मां तुझे सलाम' के लिए क्रिएटिव कंसल्टेंट और कास्टिंग डायरेक्टर के तौर पर भी जुड़ चुके हैं। डॉन बोस्को हाई स्कूल, मुंबई के स्टूडेंट रहे इमाम को काफी कम उम्र में कविता लेखन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है। फिल्मकार वी. शांताराम भी उन्हें सम्मानित कर चुके हैं। इमाम जब एड एजेंसी Ammiratis Puris Lintas में कास्टिंग डायरेक्टर हुआ करते थे, तब उन्होंने विद्या बालन को उनका पहला विज्ञापन ऑफर किया था। इसके अलावा लिरिल के विज्ञापन के लिए उन्होंने ही प्रिटी जिंटा को कास्ट किया था। यदि उनकी डिस्कवरी लिस्ट को देखें तो
अमीषा पटेल, अमर उपाध्याय, सोनाली कुलकर्णी, ल्यूक केनी, रूबी भाटिया, रागेश्वरी, ऋषिता भट्ट और मल्लिका शेरावत जैसे कई सेलेब्स उन्होंने ही इंडस्ट्री को दिए हैं। इमाम उन पांच भारतीयों में से एक हैं, जो दुनिया के मशहूर रॉक बैंड रोलिंग स्टोंस के भारत दौरे के दौरान आधिकारिक रूप से उनके साथ थे।
26/11 के हमलों के दौरान दिखाई थी बहादुरी
इमाम से जुड़ी एक दिलचस्प बात यह भी है कि वह मुंबई पर हुए 26/11 के हमलों के दौरान लोगों को बचाने के लिए अकेले निकल पड़े थे। चारों तरफ हो रही फायरिंग के बावजूद वह एक एंबुलेंस लेकर होटल ताज पहुंचे और वहां फंसे विलियम पाइक, केली डोयल और लेतीटिया नाम के विदेशी नागरिकों को सुरक्षित निकाल लाए।