वे दिन अब नहीं रहे, जब कम्पॉस, एटलस या पेपर मैप पर नक्शे देखे जाते थे। वह एक दौर था, आज
गूगल मैप का दौर है। दुनिया के प्रत्येक कोने को बारीकियों के साथ हम अपने
स्मार्टफोन, टैबलेट या कम्प्यूटर पर आसानी से देख सकते हैं। यही नहीं, गूगल की मैपिंग नेविगेशन और जीपीएस टेक्नोलॉजी ने हमें डायरेक्शन दिया, जो टेक्नोसेवी यूजर्स के बहुत काम आता है। ज्यादातर
स्मार्टफोन में गूगल की मैप और जीपीएस सुविधा उपलब्ध है, जिससे किसी भी जगह की जानकारी निकालना सुविधाजनक हो गया है।
गूगल ने मैप की सफलता के साथ ही ‘गूगल अर्थ’ पर काम किया और इसे यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया, जो 3डी टेक्नोलॉजी के कारण खूब पसंद किया गया। इसी की मदद से दुनिया के चुनिंदा शहरों, इमारतों और ऐतिहासिक महत्व वाली जगहों, स्मारकों को 3डी व्यू में घर बैठेदेखना संभव हो गया है। गूगल मैप और गूगल अर्थ समय-समय पर अपडेट होते हैं, जिनसे यूजर्स को बेहतर जानकारियां मिलती हैं। वर्तमान में गूगल मैप के 1 अरब से ज्यादा यूजर्स हैं, जो सर्च इंजिन के बाद गूगल की दूसरी सबसे बड़ी प्रॉपर्टी है।