गैजेट डेस्क। फेसबुक ने मंगलवार को अपना नया ऐप इंटरनेट.ओआरजी (internet.org) लॉन्च कर दिया। यह ऐप रिलायंस कम्युनिकेशन के साथ मिलकर लॉन्च किया गया है। यह एंड्रॉइड
स्मार्टफोन यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया गया है जिसकी मदद से यूजर्स 38 वेबसाइट्स को फ्री एक्सेस कर सकेंगे।
नहीं देना होगा डाटा चार्ज
38 फ्री वेबसाइट्स में फ्री एक्सेस के साथ-साथ यूजर्स को बिना किसी शुल्क के इंटरनेट एक्सेस मिलेगा। आसान शब्दों में कहें तो अगर यूजर internet.org ऐप के जरिए 38 में से कोई एक वेबसाइट एक्सेस करते हैं तो यूजर्स को डाटा चार्ज भी नहीं देना होगा। यह ऐप मार्क जुकरबर्ग की इंटरनेट फॉर एवरीवन मुहिम के अंतरगत लॉन्च किया गया है।
किन लोगों के लिए है खास
यह ऐप अल्ट्रा लो बजट यूजर्स के लिए है जो जॉब लिस्टिंग, हेल्थकेयर, एजुकेशन वेबसाइट्स और फेसबुक का फ्री एक्सेस देगा। इस लिस्ट में विकीपीडिया, बिंग सर्च और विकी हाऊ जैसी साइट्स भी शामिल हैं। यह ऐप फिलहाल सिर्फ महाराष्ट्र, तमिलनाडू, आंध्र प्रदेश, केरल, गुजरात और तेलांगना के यूजर्स ही डाउनलोड कर पाएंगे।
क्या कहा फेसबुक ने
फेसबुक ने अपनी ब्लॉग पोस्ट में लिखा है कि इस ऐप को लॉन्च करके सभी को इंटरनेट से कनेक्ट करने की मुहिम में एक कदम बढ़ाया गया है। फेसबुक की तरह इस ऐप को और बेहतर बनाया जाएगा और इसे दुनिया के दूसरे हिस्सों में भी बढ़ाया जाएगा।
क्या है Internet.org
Internet.org फेसबुक और अन्य छह
मोबाइल कंपनियों के द्वारा बनाई गई एक संस्थान है जिसे 2013 में शुरू किया गया था। इसमें
सैमसंग,
नोकिया, एरिक्सन, मीडियाटेक, क्वालकॉम और ओपेरा सॉफ्टवेयर शामिल है। इस संस्था से कई देश जैसे जाम्बिया, तन्जानिया, केन्या, कोलंबिया और घाना जुड़ चुके हैं। आपको बताते चलें कि इस ऐप को जाम्बिया, केन्या और घाना में लॉन्च करने के लिए फेसबुक ने भारतीय सर्विस प्रोवाइडर एयरटेल से पार्टनरशिप की है।
internet.org तीन हिस्सो में है जिसमें ऐप है जो फ्री इंटरनेट सर्विस देगा इसके अलावा, इनोवेशन लैब है जो नेटवर्क कंडीशन को बेहतर बनाएगी और कनेक्टिविटी लैब है जो दुनिया भर में ड्रोन, लेजर और सैटेलाइट के जरिए इंटरनेट पहुंचाने में मदद करेगी।