अहमदाबाद। अहमदाबाद पुलिस तलाक को लेकर विचित्र शिकायतों मिलने से परेशान है। मसलन, एक महिला ने पति के सामने शर्त रखी, 'मुझे सप्ताह में एक फिल्म दिखाओ। वरना तलाक दे दो।' ऐसे ही एक अन्य शिकायत में पत्नी ने पति से कहा, 'तुम साल में विदेश की एक सैर तक नहीं कराते। बेटी को भी फिल्म दिखाने नहीं ले जाते। इसलिए मेरी बेटी तुम्हारे साथ सहज नहीं है। तुम तलाक दे दो।'
इन मामलों का खुलासा तब हुआ, जब पीड़ित पतियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब ऐसे मामलों में दंपतियों की काउंसलिंग करवा रही है। ऐसे ही, केरल के एक दंपती शादी के चार साल बाद तलाक चाहते हैं। उनकी डेढ़ साल की लड़की भी है।
पति का मुंबई में होटल का कामकाज है। शादी के बाद महिला पति के घर रहने पहुंची। लेकिन एक महीने बाद अहमदाबाद लौट आई। लड़की के पिता ने दामाद को फोन कर बताया, 'बेटी को तुम्हारे घर का बाथरूम नहीं जम रहा है। इसलिए वह वापस नहीं आएगी।' ससुर की बात और पत्नी की खुशी के लिए बाथरूम तो क्या, पति ने पूरा फ्लैट बदल दिया। फिर भी वह नहीं मानी।