पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंअहमदाबाद। साबरमती नदी से राजू ठक्कर नामक युवक की लाश मिलने पर शुक्रवार सुबह सरदारनगर पुलिस थाने में जमकर बवाल मचा। मृतक के परिजनों ने पुलिस थाने पर हमला बोल दिया और इंस्पेक्टर के कैबिन को तहस-नहस कर दिया। परिजनों ने 9 पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने राजू को गैर-कानूनी ढंग से कस्टडी में रखा और प्रताड़ित किया। प्रताड़ना में मौत हो जाने के बाद पुलिस ने ही उसकी लाश साबरमती नदी में फेंक दी।
राजू का शव नदी से मिलने के बाद आज सुबह से ही मृतक के परिजन व रिश्तेदार साबरमती पुलिस थाने में जमा होने लगे और थाने को घेर लिया। कुछ लोग थाने के अंदर तक घुस गए और जमकर तोड़फोड़ मचा दी। मामला बिगड़ता देख आसपास के थाने से पुलिसकर्मियों को यहां बुलाया गया। पुलिसकर्मियों ने गुस्साई भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज भी किया।
इस बीच उच्च पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और भीड़ को शांत करने के लिए पीएम रिपोर्ट जांचने की बात कही। आखिरकार मामला सिविल हॉस्पिटल के पीएम रूम तक जा पहुंचा। पीएम रूम में मृतक की दोनों पत्नियां आशा और माला तो पुलिस से ही भिड़ गईं। लोगों ने किसी तरह समझा-बुझाकर दोनों को घर भेजा, जहां एक पत्नी ने तो आत्मदाह का प्रयास भी किया।
फिलहाल मामले की जांच चल रही है और स्थिति तनावपूर्ण देखते हुए सरदारनगर पुलिस थाने पर भारी पुलिस बल लगा दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को भरोसा दिलाया है कि इस मामले की वे निष्पक्ष जांच करवाएंगे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.