अहमदाबाद। डायरेक्टर ऑफ रेवेन्यु इंटेलिजेंस (डीआरआई) के अधिकारियों ने एक व्यक्ति को इतना पीटा कि उसे अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा है। स्थानीय अदालत ने उसे अस्पताल भेजने के साथ ही हेल्थ रिपोर्ट भी तलब की है। बुधवार को अदालत में पेशी के दौरान आरोपी की प्रताड़ना का यह नजारा सामने आया।
सुनवाई के दौरान अदालत ने आरोपी से पूछा कि आपको जांच एजेंसी के प्रति कुछ शिकायत तो नहीं है। इस पर संजय पटेल नामक इस व्यक्ति ने आपबीती कही। अदालत ने उसे जख्म दिखाने को कहा। जख्म देख मैट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट ममता चौहाण अवाक रह गईं। उन्होंने फौरन उसे अस्पताल भेजने का आदेश दिया।
मध्य गुजरात के खंभात निवासी संजय पटेल पर सोने की तस्करी का आरोप है। दक्षिण अफ्रीका से दुबई के रास्ते भारत सोना लाने के आरोप में पटेल को डीआरआई ने मंगलवार को गिरफ्तार किया था। बुधवार को उसे अदालत में पेश किया गया। संजय ने डीआरआई के डिप्टी डायरेक्टर अरविंद कुमार सहित कई और लोगों के नाम लिए हैं।