(फोटो: राज्यमंत्री ताराचंद छेड़ा)
पालनपुर। गुजरात के राज्यमंत्री ताराचंद छेड़ा गुरुवार को बिफर गए। वजह थी अधिकारियों का पूर्वनिर्धारित कार्यक्रम में पहुंचना। लोक संवाद सेतु कार्यक्रम के तहत जिला-सह प्रभारी मंत्री ताराचंद छेड़ा पालनपुर पहुंचे थे। शिक्षा विभाग का संबंधित अधिकारी नहीं पहुंचा, एवज में अन्य कर्मचारी को भेज दिया। जब एक स्कूल की कंपाउंड वॉल से जुड़ा सवाल आया, जिला शिक्षा अधिकारी की जगह आए अधिकारी ने जवाब दिया कि संबंधित मामले में सर्वशिक्षा अभियान को पत्र लिखा है। काम साल 2015-16 के आयोजन में शामिल किया जाएगा।
यह सुन मंत्री जी बिफर गए, संबंधित अधिकारी की जगह आए अधिकारी को फटकार लगा दी। साथ ही कहा कि 'पत्र लिखने और जवाब देने भर से सवाल हल नहीं हो जाता। यहां हाजिर होकर जवाब देना पड़ेगा। हम क्या मजीरा बजाने आए हैं। ये कोई पिताजी की पेढ़ी नहीं चल रही है।' राज्यमंत्री ने चेतावनी भी दी कि गैर हाजिर रहने वाले अधिकारियों के सीआर में टिप्पणी दर्ज हो सकती है। बहरहाल, लोकसंवाद कार्यक्रम में 33 मुद्दे उठे नीतिगत सवालों को छोड़ कर अधिकांश का निपटारा कर दिया गया।
ये नहीं पहुंचे:
जिला खेलकूद अधिकारी, एसटी डिविजनल कन्ट्रोलर, वनविभाग अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी। हालांकि नदारद अधिकारियों की जगह पहुंचे अधिकारियों ने उनके आला अधिकारियों गांधीनगर मीटिंग में अथवा उच्च अधिकारियों की बैठक में जाने की बात कही।