न्यूजर्सी/अहमदाबाद। प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान उनका सम्मान समारोह मेडिसन स्क्वॉयर गार्डन में ही क्यों रखा गया? इसकी एक खास वजह है। मोदी के सम्मान समारोह के आयोजकों में शामिल एसोसिएशन ऑफ इंडियन ऑफ नॉर्थ अमेरिका के प्रमुख सुनील नायक ने बताया कि 20 मार्च, 2005 को भी नरेंद्र मोदी का सम्मान होना था। कार्यक्रम मेडिसन स्क्वॉयर गार्डन में ही रखा गया था। लेकिन मोदी नहीं पहुंच सके थे। उस वक्त अमेरिका ने मोदी पर वीजा की बंदिश लगा रखी थी। आखिरकार, मोदी की मौजूदगी का अहसास कराने के लिए मंच के बीचों बीच एक बड़ी कुर्सी खाली रखी गई। अब मोदी उसी कुर्सी पर नौ साल, छह महीने, आठ दिन बाद 28 सितंबर, 2014 को बैठेंगे।
बकौल नायक, इस बार मोदी के कार्यक्रम के लिए 50 से 70 हजार की क्षमता वाली जगह खोजी जा रही थी। लेकिन ऐसी कोई जगह मिली नहीं। आखिरकार, मेडिसन स्क्वॉयर गार्डन को चुना गया। यह एक संयोग ही है कि 2005 में जिस जगह मोदी नहीं आ सके थे, वहां वे अब भारत के प्रधानमंत्री के रूप में पहुंचेंगे। कहा ये भी जा रहा है कि भाजपा कार्यकर्ताओं का भी दबाव था कि इस बार मेडिसन स्क्वॉयर गार्डन में ही नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम हो।